इस घटना के बाद से खुफिया एजेंसियां अलर्ट हो गईं हैं दरअसल, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने सोमवार से अपनी तीन दिवसीय जम्मू-कश्मीर यात्रा की शुरुआत की है…
नईदिल्ली (ए)। जम्मू कश्मीर में सोमवार देर रात एक बड़ी घटना सामने आई. दरअसल, जम्मू कश्मीर के पुलिस महानिदेशक (जेल) हेमंत लोहिया की यहां उनके निवास पर किसी ने गला रेतकर हत्या कर दी. फिलहाल पुलिस को उनके घरेलू सहायक पर शक है, जो अभी फरार है. एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने इस संबंध में जानकारी दी है. अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (जम्मू क्षेत्र) मुकेश सिंह ने बताया कि घरेलू सहायक घटना के बाद से फरार है. पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी है।
1992 बैच के आईपीएस: मुकेश सिंह ने बताया कि 1992 बैच के आईपीएस अधिकारी हेमंत लोहिया (52 साल) शहर के बाहरी इलाके में अपने उदयवाला निवास स्थान पर मृत मिले हैं. जब पुलिस की टीम सूचना के बाद मौके पर पहुंची थी तो उनका गला रेता हुआ था. वारदात स्थल को प्रथम दृष्टया देखकर लग रहा है कि यह संदिग्ध हत्या है. फिलहाल लोहिया का नौकर फरार है. उसकी तलाश की लिए कई टीमें लगाई गईं हैं. वहीं, लोहिया के घर पर फॉरेंसिंक एवं अपराध जांच दल ने भी निरीक्षण किया।
इसी साल अगस्त में मिली थी ये बड़ी जिम्मेदारी: अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (जम्मू क्षेत्र) मुकेश सिंह ने कहा कि जम्मू कश्मीर पुलिस परिवार अपने वरिष्ठ अधिकारी की मौत पर दुख प्रकट करता है. बता दें कि लोहिया को अगस्त में पुलिस महानिदेशक (जेल) बनाया गया था. वहीं, हेमंत की मौत की खबर सुनकर उनके परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है।
Director General of J&K (Prisons) Hemant Lohia murdered at his residence in Jammu: Police
— Press Trust of India (@PTI_News) October 3, 2022
जम्मू कश्मीर से लेकर दिल्ली तक अलर्ट: हेमंत लोहिया की हत्या की खबर मिलते ही जम्मू-कश्मीर अलर्ट मोड पर आ गया. वहीं दिल्ली तक इसका असर दिखा और खुफिया एजेंसी अलर्ट हो गईं हैं. दरअसल, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने सोमवार से अपनी तीन दिवसीय जम्मू-कश्मीर यात्रा की शुरुआत की है. ऐसे में उनके वहां होने के बाद भी इतनी बड़ी वारदात का होना कहीं न कहीं सुरक्षा पर सवाल उठाती है।
बता दें कि अमित शाह आज अपने दौरे के दूसरे दिन माता वैष्णो देवी के दर्शन करने जाएंगे. वहां मंदिर में पूजा अर्चना करने के बाद वह राजौरी में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करेंगे और कई विकास परियोजनाओं की शुरुआत एवं शिलान्यास करेंगे।















