भिलाई। बुधवार गुरुवार की दरमियानी रात कुम्हारी के आकोला रोड स्थित ग्राम कपसदा के बाड़ी में पति पत्नी और दोनो बच्चो की हत्या के मामले में दुर्ग पुलिस आरोपियों तक पहुंच गई है। पुलिस ने इस मामले में तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है। आरोपियों में मृतक का छोटा भाई भी शामिल है और पूरी वारदात का मास्टर माइंड भी वही माना जा रहा है। उसने अपने दो साथियों के साथ मिलकर इस पूरे घटना को अंजाम दिया है। यह भी जानकारी मिल रही है कि यह घटना संपत्ति विवाद को लेकर हुई है।
ज्ञात हो कि गुरुवार सुबह कुम्हारी थाना अंतर्गत अकोला रोड ग्राम कपसदा में पुनाराम टंडन की बाड़ी में भोलानाथ यादव उसकी पत्नी नैला यादव सहित दो बच्चे परमद यादव तथा मुक्ता यादव की बेरहमी से हत्या कर दी गई। बालंगीर ओड़ीशा निवासी भोला यादव अपने परिवार के साथ इस बाड़ी में रहता था और करीब 10 वर्षों से यहीं पर काम करता था।
इस घटना की सूचना के बाद गुरुवार को सुबह दुर्ग पुलिस अधीक्षक डॉक्टर अभिषेक पल्लव, एएसपी संजय ध्रुव सहित वरिष्ठ अधिकारी और डॉग स्क्वायड की टीम मौके पर पहुंची थी वही फोरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम भी मौके पर पहुंची और साक्ष्य जमा किए। पुलिस द्वारा परिवार के अन्य सदस्यों का बयान लेने के बाद पुलिस को नजदीकी व्यक्ति पर ही शक हुआ। मृतक भोला यादव के तीन भाई हैं। दो बड़े और एक छोटा भाई है। दो भाई भी अपने परिवार के साथ कुम्हारी में भी इसी तरह बाड़ी में काम करते हैं।
पुलिस ने मृतक भोला यादव के छोटे भाई व उसके दो साथियों को हिरासत में लिया है। बुधवार रात को आरोपियों ने नदी किनारे शराब पी और उसके बाद हत्या के इरादे से बाड़ी में पहुंचे। बड़ा भाई भोला यादव ने गेट खोला तो पहले उसकी वहीं पर हत्या कर दी। इसके बाद बाडी में बने घर में पहुंचे और वहां उसकी पत्नी व दोनों बच्चों की हत्या के बाद घर में रखा कैश लेकर फरार हो गए। संभतः शनिवार को दुर्ग रेंज आईजी बद्री नारायण मीणा मामले का खुलासा कर सकते है।
एसपी दुर्ग डॉक्टर अभिषेक पल्लव ने क्या… भोला यादव व उसके परिवार की हत्या के मामले में पुलिस ने तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है। इनमें मृतक का छोटा भाई व उसके दो साथी शामिल हैं। पुलिस को इनके खिलाफ काफी सारे साक्ष्य मिलें हैं। हत्या का कारण अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं हैं लेकिन संपति विवाद का मामला लग रहा है, इस हत्याकांड के कुछ और भी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। जल्द खुलासा करेंगे…















