दुर्ग। भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के केंद्रीय संचार ब्यूरो रायपुर द्वारा नगर निगम दुर्ग के सहयोग से विवेकानंद बहुउद्देशीय सभागार दुर्ग में 2 दिवसीय मल्टी मीडिया चित्र प्रदर्शनी के आयोजन का उद्घाटन स्वर्गीय हेमचंद यादव विश्व विद्यालय कुलपति डॉक्टर अरुणा पल्टा व कार्यक्रम की अध्यक्षता महापौर धीरज बाकलीवाल, विधायक दुर्ग अरुण वोरा के विशिष्ट आतिथ्य में संपन्न हुआ। दो दिवसीय मल्टीमीडिया चित्र प्रदर्शनी का बुधवार को हुए शुभारंभ के अवसर पर कुलपति डॉक्टर अरुणा पलटा व महापौर धीरज बाकलीवाल, दुर्ग विधायक अरुण वोरा, समाजसेवी एवम पर्यावरण विद डॉक्टर विश्वनाथ पाणिग्रही, पद्मश्री आर. एस. बारले, समाजसेवी शानू मोहन्न द्वारा प्रदर्शनी का अवलोकन कर प्रदर्शनी की सराहना की। शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रमों की आकर्षक प्रस्तुति दी गई। मंचीय कार्यक्रम के दौरान अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ द्वारा किया गया। कार्यक्रम के स्वागत भाषण में केन्द्रीय संचार ब्यूरो सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय रायपुर के कार्यलय प्रमुख शैलेष फाये ने आजादी का अमृत महोत्सव व जनभागीदारी से जनआंदोलन की टैग लाईन के विषय में उपस्थित जनों को जानकारी दी और मल्टी मीडिया चित्र प्रदर्शनी के प्रारूप व उद्देश्य को रोचक ढंग से बताया।
इस अवसर पर कार्यक्रम की मुख्यअतिथि हेमचंद विश्व विद्यालय की कुलपति डॉक्टर अरुणा पल्टा ने अपने भाषण में आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि आजादी का अमृत महोत्सव के अंतर्गत बहुत ही सारगर्भित प्रदर्शनी लगाई गई है । स्कूल एवं कालेज के विधार्थी इस प्रदर्शनी को देखते हुए अवश्य ही आजादी के शुरवीरों को याद करेंगे और देश के प्रति उनके द्वारा किए गए बलिदान का सम्मान करेंगे। उन्होंने उपस्थित स्कूल और कालेज के एनसीसी कैडेट्स से कहा कि हमें एक दूसरे से परिवार की तरह मिलजुल कर रहना चाहिए। एक-दूसरे के विचारों का मतभेद हो सकता है लेकिन मन भेद न होने पाए। हमें देश की अखंडता व समाज के लिए एक दूसरे के विचारों का सम्मान कर आगे बढ़ना चाहिए। कुलपति डॉक्टर अरुणा पलटा ने यह भी कहा कि महात्मा गांधी, सरदार पटेल और नेताजी सुभाष चन्द्र बोस के जीवन एवं कार्यों को दर्शाती इस चित्र प्रदर्शनी में एक खंड छत्तीसगढ़ के स्वतंत्रता सेनानीयों पर केन्द्रित है जो अद्भुत व सराहनीय है ।
दुर्ग विधायक अरुण वोरा ने इस अवसर पर कहा कि केंद्र सरकार के माध्यम से आजादी की 75 वीं वर्षगाठ पर देश को मिली आजादी के संदर्भ में मल्टी मीडिया चित्रप्रदर्शनी लगाई गई है । प्रदर्शनी के माध्यम से आजादी के लिए किए गए संघर्ष की गाथा दिखलाई गई है जो आज की वर्तमान पीढ़ी के लिए धरोहर है, इतिहास को जानने के लिए स्वतंत्रता सेनानियों और इतिहासकारों को भी जानना जरूरी है। उन्होंने कहा कि आज देश का जो विकास विश्व के मानचित्र पर दिखलाई दे रहा है उसकी आधारशिला देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू द्वारा रखी गई थी और वर्तमान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा इसे मजबूत किया जा रहा है जिससे हमारा देश तरक्की कर रहा है और निरंतर विकसित हो रहा है। महापौर धीरज बाकलीवाल ने कहा कि आजादी के दीवानों , स्वतंत्रता सेनानियों की प्रदर्शनी लगाई गई है । विभाग बधाई के पात्र है। उन्होंने कहा कि स्कूल और कालेज के विधार्थियो के लिए प्रदर्शनी लाभपद्र होगी। जिसे देखकर बच्चे देशभक्ति के लिए प्रेरित होंगे और तभी सही मायने आजादी का अर्थ सार्थक होगा।
सूचना व प्रसारण मंत्रालय भारत सरकार के केंद्रीय संचार ब्यूरो रायपुर द्वारा आजादी का अमृत महोत्सव विषय पर दुर्ग के विवेकानंद सभागार में लगाई गई 2 दिवसीय चित्र प्रदर्शनी सह समेकित संचार एवं जागरूकता कार्यक्रम के प्रथम दिवस निबंध लेखन व रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें 150 से अधिक छात्र छात्राओं ने भाग लिया। साथ ही आज आजादी का अमृत महोत्सव और पर्यावरण एवं स्वच्छता विषय पर समाजसेवी व पर्यावरणविद डॉ विश्वनाथ पाणिग्रही ने व्याख्यान प्रस्तुत किया। जिसमें उन्होंने प्राकृतिक पुनरुत्पादन जैसे अनेक नवीन सुझाव दिए और इस क्षेत्र में स्वयं द्वारा किए जा रहे प्रयासों पर प्रकाश डाला।आज आजादी का अमृत महोत्सव पर एक जागरूकता रैली भी निकाली गई जिसमें बड़ी संख्या में छात्र छात्राओं ने भाग लिया।
आज होंगे यह कार्यक्रम: दुर्ग में आयोजित आजादी का अमृत महोत्सव मल्टी मीडिया चित्र प्रदर्शनी के अंतर्गत 15 सितंबर को यानी समापन समारोह के दिन विभिन्न प्रतियोगिताओं में सुबह 11.30 बजे चित्रकला,भाषण और मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन पंजीयन के बाद किया जायेगा और 12 बजे से प्रतियोगिताओं का शुभारंभ किया जायेगा। भाषण प्रतियोगिता का विषय आजादी का अमृत महोत्सव के तहत राष्ट्र के विकास में युवाओं की भूमिका रहेगा, इसके अलावा प्रश्न मंच का भी आयोजन किया जायेगा। इसके साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रम के बाद पुरस्कार वितरण कार्यक्रम के साथ ही दो दिवसीय आजादी का अमृत महोत्सव के अंतर्गत मल्टी मीडिया चित्र प्रदर्शनी का समापन किया जायेगा।
सूचना व प्रसारण मंत्रालय भारत सरकार के केंद्रीय संचार ब्यूरो क्षेत्रीय अधिकारी शैलेश फाये ने बताया कि देश की आजादी के 75 वें वर्ष को यादगार बनाने व स्वतंत्रता सेनानियों के बारे में आमजन को जानकारी प्रदान करने के लिये भारत सरकार ने एक अनूठी पहल की है। देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने स्वतंत्रता सेनानियो एवं उनके द्वारा किए गए आन्दोलनों के बारे में जन-जन तक जानकारी पहुंचाने के लिए आजादी के अमृत महोत्सव की शुरूआत की है। समाज और आने वाली पीढ़ी को नई दिशा प्रदान करने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री द्वारा विगत मार्च 2021 में गुजरात के साबरमती से आजादी का जो यह महोत्सव शुरू किया गया है। वह देश वासियों में नई ऊर्जा का संचार करेगा और जनभागीदारी से जनांदोलन में परिवर्तित होगा। इस अवसर पर सुदीप्तो कर ( क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी , दुर्ग ), के. एस. दीवान ( तकनीकी सहायक ) के अलावा स्कूली , कालेज , वरिष्ठ गण्यमान नागरीकगण मौजूद थे ।















