BREAKING

दुर्ग-भिलाईफीचर्ड

कांग्रेस नेता अतुलचंद साहू ने दुर्ग एसपी को पत्र लिखकर औद्योगिक क्षेत्र, हल्का औद्योगिक क्षेत्र एवं भारी औद्योगिक क्षेत्र हथखोज में अवैध कबाड़ियों के ठिकानों को बंद कराने तथा चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने का किया निवेदन

भिलाई। भिलाई शहर जिला कांग्रेस कमेटी के कोषाध्यक्ष, दुर्ग जिला कौशल विकास प्राधिकरण के सदस्य एवं भिलाई वायर ड्राइंग इंडस्ट्रीज एसोसिएशन भिलाई के अध्यक्ष अतुल चंद साहू ने दुर्ग पुलिस अधीक्षक को पत्र लिखकर औद्योगिक क्षेत्र, हल्का औद्योगिक क्षेत्र एवं भारी औद्योगिक क्षेत्र हथखोज में अवैध कबाड़ियों के ठिकानों को बंद कराने तथा चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने का निवेदन किया है। पत्र में लिखा है की…. विषयांतर्गत लेख है कि औद्योगिक क्षेत्र, हल्का औद्योगिक क्षेत्र एवं भारी औद्योगिक क्षेत्र हथखोज में अनेक कबाड़ियों ने अपने ठिकाने बना रखे हैं। इन ठिकानों पर कबाड़ के नाम पर अवैध रूप से बीएसपी और रेलवे से चोरी का लोहा खरीदा जाता है। इस अवैध कारोबार में लौह सामग्री परिवहन करने वाले वाहनों के चालक व परिचालकों की संलिप्तता का भी संकेत मिल रहा है।

कबाड़ियों के ठिकानों की वजह से तीनों औद्योगिक क्षेत्र में लोहा चोरों के कईं गिरोह सक्रिय है। इस गिरोह के द्वारा विभिन्न उद्योगों को आए दिन निशाना बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम दिए जाने से उद्योग संचालक परेशान हैं। अभी हाल ही में इंजीनियरिंग पार्क हथखोज में दो चोर गिरोह के बीच खूनी संघर्ष में एक युवक की हत्या हो गई और कुछ घायल हुए हैं। औद्योगिक क्षेत्रों में कबाड़ियों का अवैध ठिकाना होने से अपराधी तत्वों की हमेशा मौजूदगी बनी रहती है।

इससे उद्योग संचालकों के साथ ही काम करने वाले कर्मचारी और मजदूरों में भय का माहौल बना हुआ है। ऐसा नहीं कि संबंधित थानों की पुलिस को अपने अपने क्षेत्र में संचालित अवैध कबाड़ी ठिकानों की जानकारी नहीं है। लेकिन अभियान विशेष को छोड़ दिया जाए तो बाकी के दिनों में ठोस कार्रवाई नहीं होने से कबाड़ियों का हौसला बढ़ा हुआ है।

अतः आपसे निवेदन है कि औद्योगिक क्षेत्र, हल्का औद्योगिक क्षेत्र एवं भारी औद्योगिक क्षेत्र हथखोज में अवैध रूप से संचालित कबाड़ियों के ठिकानों को बंद कराया जाए। इसके साथ ही सक्रिय चोर गिरोह पर भी अंकुश लगाने संबंधित थानों को निर्देशित करने की कृपा करें।

Related Posts