पुलिस की पूछताछ में आरोपी अनिल ने खुलासा किया है कि 1990 के दशक से अब तक वह 8,000 से भी ज्यादा कारें चोरी कर चुका है, उसके खिलाफ दिल्ली, यूपी, हरियाणा और असम समेत बाकी राज्यों में कुल 181 मामले दर्ज होने का पता चला है…
नईदिल्ली (ए)। मध्य जिला की स्पेशल स्टाफ पुलिस ने भारत के सबसे बड़े वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान असम निवासी अनिल चौहान (52) के रूप में हुई है। पुलिस की पूछताछ में आरोपी अनिल ने खुलासा किया है कि 1990 के दशक से अब तक वह 8,000 से भी ज्यादा कारें चोरी कर चुका है।
उसके खिलाफ दिल्ली, यूपी, हरियाणा और असम समेत बाकी राज्यों में कुल 181 मामले दर्ज होने का पता चला है। इनमें 146 मामले दिल्ली में ही दर्ज हैं। वाहन चोरी के अलावा अनिल को हथियार और गैंडे के सींग की तस्करी के लिए भी जाना जाता है। वर्ष 2015 में अनिल को असम पुलिस ने तत्कालीन कांग्रेसी विधायक रूमीनाथ के साथ गिरफ्तार किया था।
अपनी राजनीतिक पहुंच की वजह से अनिल असम का क्लास वन सरकारी कॉन्ट्रेक्टर भी रहा है। असम में इसने काफी संपत्ति बना ली थी। वर्ष 2015 में प्रवर्तन निदेशालय ने आरोपी अनिल के खिलाफ मामला दर्ज कर इसकी सारी संपत्ति को जब्त कर लिया था। अब पुलिस इससे पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।















