प्रधानमंत्री मोदी की पाकिस्तानी बहन मोहसिन कमर शेख ने उन्हें राखी भेजी है, इसके साथ ही लिखे पत्र में उन्होंने पीएम मोदी को 2024 का चुनाव जीतने और फिर प्रधानमंत्री बनने की शुभकामनाएं दी हैं…
नईदिल्ली (ए)। रक्षाबंधन के शुभ पर्व से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनकी ‘पाकिस्तानी’ बहन कमर मोहसिन शेख ने राखी भेजी है। राखी भेजने के साथ ही उन्होंने 2024 के आम चुनाव में प्रधानमंत्री मोदी की जीत की दुआ मांगी है और उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। बता दें कि मोहसिन शेख पाकिस्तानी मूल की महिला हैं।
कमर ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि इस बार वह प्रधानमंत्री मोदी से मिल पाएंगी। उन्होंने कहा कि आशा है कि इस बार प्रधानमंत्री मोदी मिलने के लिए दिल्ली बुलाएंगे। मैंने रक्षाबंधन के लिए सभी तैयारियां कर ली हैं। उनके राखी को खुद ही रेशमी रिबन में कढ़ाई करके तैयार किया है। उन्होंने कहा, इसमें कोई संदेह नहीं है कि वह एक बार फिर देश के प्रधानमंत्री बनेंगे। उनमें वो सारी खूबियां हैं जो कि एक प्रधानमंत्री में होनी चाहिए। बता दें कि शेख हर साल प्रधानमंत्री मोदी को राखी और कार्ड भेजती हैं।
शादी के बाद आई थीं भारत शेख शादी के बाद से भारत में रहने लगी हैं। वह पिछले 24-25 साल से पीएम मोदी को राखी बांधती या भेजती आई हैं। शेख ने कहा, जब पीएम मोदी एक आरएसएस कार्यकर्ता थे तब उन्होंने पहली बार राखी बांधी थी।
राखी के साथ मोदी को लिखा पत्र पाकिस्तानी बहन कमर मोहसिन शेख ने कहा कि राखी के साथ उन्होंने पीएम मोदी को एक पत्र भी लिखा है। इस पत्र में उन्होंने उनके अच्छे स्वास्थ्य और तीसरी बार प्रधानमंत्री निर्वाचित होने की कामना की है।















