ऑस्ट्रेलिया ने राष्ट्रमंडल खेलों के क्रिकेट फाइनल में भारत को 9 रन से हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया है, जबकि भारत को रजत पदक से संतोष करना पड़ा है…
नईदिल्ली (ए)। भारत और वेस्टइंडीज के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का पांचवां और अंतिम मुकाबला सात अगस्त को अमेरिका के फ्लोरिडा स्थित फोर्ट लॉडरहिल में खेला गया। भारत ने इस मैच को 88 रन से जीत कर सीरीज को 4-1 से अपने नाम कर लिया है। भारत ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए 7 विकेट पर 188 रनों का स्कोर बनाया और फिर वेस्टइंडीज को 15.4 ओवर में 100 रन पर ढेर कर दिया।
वेस्टइंडीज के लिए शिमरॉन हेटमायर टॉप स्कोरर रहे, जिन्होंने 56 रनों की बेहतरीन पारी खेली। उनके अलावा शमार ब्रूक्स ने 13 रन बनाए। भारत की ओर से रवि बिश्नोई ने 2.4 ओवर में 16 रन देकर चार विकेट चटकाए। वहीं, अक्षर पटेल और कुलदीप यादव ने तीन-तीन विकेट झटके।
वहीं, भारतीय टीम के लिए श्रेयस अय्यर ने 64 रनों की बेहतरीन पारी खेली। उनके अलावा दीपक हुडडा 38, संजू सैमसन ने 15, दिनेश कार्तिक ने 12, ईशान किशन 11, और कप्तान हार्दिक पांडया ने 28 रन बनाए। वेस्टइंडीज की ओर से ओडीन स्मिथ ने तीन और जेसन होल्डर, डॉमिनिक ड्रेक्स तथा हेडन वॉल्श ने एक-एक विकेट अपने नाम किए।
भारतीय स्पिनरों ने शानदार गेंदबाजी करते हुए विंडीज के बल्लेबाजों को विकेट पर टिकने का कोई मौका नहीं दिया। केवल शिमरॉन हेटमायर ने एकतरफा संघर्ष करते हुए अर्धशतक बनाया। हेटमायर ने 35 गेंदों पर पांच चौकों और चार छक्कों की मदद से 56 रन बनाए। पटेल ने 15 रन पर तीन विकेट, कुलदीप ने 12 रन पर तीन विकेट और लेग स्पिनर रवि बिश्नोई ने 16 रन पर चार विकेट लिए। विंडीज के सभी 10 विकेट भारतीय स्पिनरों के हिस्से में गए।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने अपने नये आक्रामक रवैये के अनुसार ही पारी को गति दी। सलामी बल्लेबाज़ ईशान किशन 11 रन बनाकर पवेलियन लौट गये, लेकिन उनके साथ ओपनिंग करने उतरे श्रेयस अय्यर ने 30 गेंदों में अपना अर्द्धशतक पूरा किया। आउट होने से पहले अय्यर ने 40 गेंदों पर आठ चौकों और दो छक्कों की बदौलत 64 रन बनाए। दीपक हुड्डी ने उनका साथ देते हुए 25 गेंदों पर तीन चौके और दो छक्के लगाकर 38 रन बनाए और दोनों के बीच 43 गेंदों पर 76 रन की साझेदारी हुई।
फाइनल में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को हराया, टीम इंडिया के नाम सिल्वर
ऑस्ट्रेलिया महिला क्रिकेट टीम ने भारतीय टीम को राष्ट्रमंडल खेलों के क्रिकेट फाइनल में 9 रन से हरा दिया है। इस जीत के साथ ऑस्ट्रेलिया ने गोल्ड मेडल जीत लिया है, जबकि भारत को रजत पदक मिला।बर्मिंघम के एजबेस्टन मैदान पर खेले गए फाइनल मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत के सामने 162 रनों का लक्ष्य रखा, इसके जवाब में भारत तीन गेंद शेष रहते हुए सभी विकेट खोकर सिर्फ 152 रन बना सकी। ऑस्ट्रेलिया द्वारा मिले लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारत की शुरुआत बेहद खराब रही और तीन ओवर के अंदर टीम ने दोनों ओपनर के विकेट गंवा दिए थे, जिसके बाद जेमिमा और हरमनप्रीत के बीच तीसरे विकेट के लिए 71 गेंद में 96 रन की साझेदारी हुई।

एक समय भारतीय टीम जीत की तरफ बढ़ रही थी, लेकिन जेमिमा (33) का विकेट गिरने के साथ भारत की लय खराब हुई और टीम ने लगातार अंतराल पर विकेट गंवाए। इस बीच कप्तान हरमनप्रीत कौर (65) भी खराब शॉट खेलकर अपना विकेट गंवा बैठी। हालांकि पुछल्ले बल्लेबाजों ने मैच को मजेदार बनाए रखा और ऑस्ट्रेलिया को मैच आसानी से जीतने का मौका नहीं दिया। आखिरी ओवर में भारत को जीत के लिए 11 रन बनाने थे, लेकिन टीम ऑलआउट हो गई।
इससे पहले ऑस्ट्रेलिया ने पहले बैटिंग करते हुए 8 विकेट पर 161 रन का का स्कोर बनाया। टीम के लिए बैथ मूनी ने सर्वाधिक 61 रनों की पारी खेली। ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत खराब रही। टीम ने 9 के स्कोर पर ही अपना पहला विकेट हीली के रूप में गंवा दिया था। इसके बाद मूनी और लेनिंग के बीच दूसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी हुई। हालांकि 36 के स्कोर पर ऑस्ट्रेलियाई कप्तान रन आउट हो गईं। इसके अगले ही ओवर में ताहलिया मैकग्रा ने भी अपना विकेट गंवा दिया। ऑलराउंडर एश गार्डनर ने 15 गेंद में 25 रन बनाए और फिर गेंदबाजी में उन्होंने तीन विकेट झटके। भारत की ओर से स्नेह राणा और रेणुका सिंह ने 2-2 विकेट लिए। दीप्ति और राधा को 1-1 विकेट मिला।















