रायपुर। आजादी की 75वीं वर्षगाठ के गौरवमयी क्षण को यादगार बनाने के लिए छत्तीसगढ़ की जनता की ओर से माउंट एल्ब्रुस की चोटी पर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया जाएगा। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने छत्तीसगढ़ की युवा पर्वतारोही अंकिता गुप्ता को मांउट एल्ब्रुस की चोटी पर तिरंगा प्रदान करते हुए उन्हें उनके पर्वतारोहण अभियान के लिए अग्रिम बधाई और शुभकामनाएं दी। कबीरधाम की रहने वाली अंकिता गुप्ता अपने पिता मदन गुप्ता के साथ मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से सौजन्य मुलाकात करने मुख्यमंत्री निवास कार्यालय पहुंची थी।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि आजादी की 75वीं वर्षगांठ यादगार बनाने तथा लोगों में देशभक्ति की भावना को अक्षुण्य बनाने के लिए छत्तीसगढ़ में हमर तिरंगा अभियान संचालित किया जा रहा है। राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा हमारे राष्ट्रीय अस्मिता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि 11 अगस्त से 17 अगस्त तक राज्य के सभी सरकारी एवं निजी संस्थानों सहित हर घर में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराने का आग्रह हमने लोगों से किया है।
अंकिता गुप्ता ने बताया कि वह 8 अगस्त को माउंट एल्ब्रुस चोटी के फतह के लिए रवाना होंगी। इस चोटी की ऊंचाई 18,510 फीट है। अंकिता गुप्ता 15 अगस्त को माउंट एल्ब्रुस चोटी पर पहुंचकर वहां मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा प्रदत्त राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा को छत्तीसगढ़ राज्य की जनता की ओर से फहराएंगी।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से उनके निवास कार्यालय में छत्तीसगढ़ की पहली महिला लेफ्टिनेंट वंशिका पाण्डेय ने सौजन्य मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने 24 वर्षीय लेफ्टिनेंट वंशिका पाण्डेय को उनकी इस गौरवमयी उपलब्धि के लिए बधाई और शुभकामनाएं दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि आप ने आर्मी में लेफ्टिनेंट रैंक कमीशन प्राप्त कर छत्तीसगढ़ को गौरवांन्वित किया है। मुख्यमंत्री ने लेफ्टिनेंट वंशिका को राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा भेंट किया।

लेफ्टिनेंट वंशिका पाण्डेय राजनांदगांव की रहने वाली हैं। वह अपने पिता अजय पाण्डेय, माता सरला पाण्डेय, भाई तथागत पाण्डेय, विकास पाण्डेय, कृष्ण कुमार बागड़ी, मंजू बागड़ी, आईपीएस जुनेजा के साथ मुख्यमंत्री श्री बघेल से मुलाकात के लिए आयी थी। ऑफिसर्स एकेडमी चेन्नई में 11 महीने की प्रशिक्षण के बाद उन्हें 30 जुलाई को लेफ्टिनेंट रैंक कमीशन मिला। बीई मैकेनिकल वंशिका पाण्डेय आर्मी के टेक्निकल कोर में उनका ऑल इंडिया रैंक तृतीय रहा है।















