BREAKING

देश-दुनियाफीचर्डविविध

कॉमनवेल्थ गेम्स के इतिहास में भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने दर्ज की सबसे बड़ी जीत, घाना को 11-0 से धोया

भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने रविवार को कॉमनवेल्थ गेम्स में अपने अभियान का आगाज घाना के खिलाफ जीत के साथ किया, अपने पहले ही मुकाबले को टीम इंडिया ने 11-0 से जीता, हरमनप्रीत सिंह ने गोल की हैट्रिक लगाई…

 

नईदिल्ली (ए)। भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने रविवार को कॉमनवेल्थ गेम्स में अपने अभियान का आगाज घाना के खिलाफ जीत के साथ किया। अपने पहले ही मुकाबले को टीम इंडिया ने 11-0 से जीता। यह भारत की कॉमनवेल्थ गेम्स के इतिहास में सबसे बड़ी जीत है। अपना 150वां अंतरराष्ट्रीय मैच खेल रहे हरमनप्रीत सिंह ने इस मैच में गोल की हैट्रिक लगाई, वहीं जुगराज सिंह ने दो गोल दागे। भारत ने पहले क्वार्टर में 3, दूसरे क्वार्टर में 2, तीसरे क्वार्टर में 4 और चौथे क्वार्टर में 2 गोल दागे। भारत का अगला मुकाबला 1 अगस्त को मेजबान इंग्लैंड के खिलाफ है।

भारतीय टीम ने अपेक्षा के अनुरूप इस बेमेल मुकाबले में घाना को संभलने का भी मौका नहीं दिया। भारतीय टीम को मैच में 13 पेनल्टी कॉर्नर मिले जिनमें से छह पर गोल हुए। उपकप्तान हरमनप्रीत सिंह (11वां, 35वां और 53वां मिनट) और जुगराज सिंह (22वां और 43वां मिनट) के अलावा अभिषेक (दूसरा मिनट), शमशेर सिंह (14वां मिनट), नीलाकांता शर्मा (38वां मिनट), आकाशदीप सिंह (20वां मिनट) , वरूण कुमार (39वां) और मनदीप सिंह (48वां) ने भी गोल किये।

इस मैच में घाना के स्ट्राइकर भारतीय गोल में बहुत कम ही घुस पाए। घाना को पांच पेनल्टी कॉर्नर मिले लेकिन एक भी गोल नहीं हो सका। भारत को पहला पेनल्टी कॉर्नर मैच के पहले ही मिनट में मिला और अभिषेक ने रिबाउंड पर इसे गोल में बदला। इसके दस मिनटबाद हरमनप्रीत ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल करके भारत की बढत दुगुनी कर दी।

अभिषेक और ललित उपाध्याय के शानदार मूव को गोल में बदलकर शमशेर ने स्कोर 3-0 किया। आकाशदीप ने 20वें मिनट में चौथा गोल दागा। वहीं दो मिनट बाद जुगराज ने पेनल्टी कॉर्नर तब्दील किया।

दूसरे हाफ के पांचवें ही मिनट में हरमनप्रीत ने पेनल्टी कॉर्नर पर दूसरा गोल किया। तीन मिनट बाद नीलाकांता ने रिबाउंड पर गोल दागा जब जरमनप्रीत सिंह का पहला शॉट घाना के गोलकीपर ने बचा लिया था। अगले ही मिनट वरूण कुमार ने पेनल्टी कॉर्नर को तब्दील किया । जुगराज ने अपना दूसरा गोल पेनल्टी कॉर्नर पर दागा। आखिरी क्वार्टर में मनदीप और हरमनप्रीत ने एक एक गोल किया।

https://twitter.com/TheHockeyIndia/status/1553783066522701825?ref_src=twsrc%5Etfw%7Ctwcamp%5Etweetembed%7Ctwterm%5E1553783066522701825%7Ctwgr%5E2cec6eff7a9bd1b18b07e9abfa4701c5d7e9adc3%7Ctwcon%5Es1_c10&ref_url=https%3A%2F%2Fd-40282063071425122669.ampproject.net%2F2207181727000%2Fframe.html

Related Posts