जम्मू-कश्मीर के बारामूला में नाका चेकिंग के दौरान सुरक्षाबलों ने दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया है, दोनों संदिग्ध आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के हाइब्रिड आतंकी हैं…
जम्मू कश्मीर (ए)। बारामूला जिले के सोपोर में शनिवार के दिन सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। जम्मू-कश्मीर पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार सुरक्षाबलों ने लश्कर-ए-तैयबा के दो आतंकवादियों को गिरफ्तार किया है. जिनके पास से दो पिस्तौल, पिस्तौल की दो मैगजीन और 11 कारतूस भी बरामद किए गए हैं।
बताया जा रहा है कि स्पेशल सूचना के आधार पर थाना डांगीवाचा के हादीपोरा-रफियाबाद में सुरक्षा बलों की ओर से एक संयुक्त नाका बनाया गया था. नाका प्वाइंट पर चेकिंग के दौरान सुरक्षा बलों को देख लोरिहामा लिंक रोड से हद्दीपोरा की ओर आ रहे दो संदिग्ध व्यक्ति सड़क से पास के बागों में भाग गए।
आतंकियों के पास से हथियार बरामद इसके बाद हरकत में आई सोपोर पुलिस, राष्ट्रीय रायफल और सीआरपीएफ के जवानों ने संयुक्त अभियान चला दोनों संदिग्धों का पीछा किया और उन्हें जिन्दा पकड़ लिया. जिनकी तलाशी लेने पर उनके पास से 2 पिस्टल, 2 पिस्टल मैगजीन के साथ 11 जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
गिरफ्तार किए गए दोनों आतंकवादियों की पहचान तारिक अहमद वानी पुत्र स्वर्गीय बशीर अहमद वानी और इश्फाक अहमद वानी पुत्र अली मोहम्मद के रूप में हुई है. दोनों ही श्रीनगर के ओल्ड एयरफील्ड, रंगरेथ के निवासी बताए जा रहे हैं।
लश्कर-ए-तैयबा के हाइब्रिड आतंकवादी प्रारंभिक जांच से पता चला है कि गिरफ्तार किए गए व्यक्ति प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के हाइब्रिड आतंकवादी हैं और सुरक्षा बलों और नागरिकों पर हमले करने के लिए लगातार मौके की तलाश में थे. दोनों आतंकियों के खिलाफ रफियाबाद के थाना डांगीवाचा में मामला दर्ज किया गया है और आगे की जांच अभी जारी है।















