भिलाई इस्पात संयंत्र के सबसे बड़े ब्लास्ट फर्नेस-8 “महामाया” ने 21 जुलाई, 2022 को 10 मिलियन टन संचयी उत्पादन के मील के पत्थर को पार कर एक नई उपलब्धि हासिल की। 1631 दिनों में 10 मिलियन टन के नये संचयी उत्पादन को हासिल करने में सफलता प्राप्त करने के साथ बीएसपी का ब्लास्ट फर्नेस-8 इस महत्वपूर्ण उपलब्धि को तेजी से हासिल करने वाला सेल का प्रथम ब्लास्ट फर्नेस बन गया। भिलाई इस्पात संयंत्र के निदेशक प्रभारी अनिर्बान दासगुप्ता ने इस महती उपलब्धि के लिए महामाया के प्रतिबद्ध सदस्यों और सभी सहायक शाॅप्स तथा विभागों को सेल के समान क्षमता वाले अन्य दो ब्लास्ट फर्नेसों से सबसे तेज 10 मिलियन टन संचयी उत्पादन करने के लिए बधाई दी। 9 मिलियन टन से 10 मिलियन टन की यात्रा को ब्लास्ट फर्नेस ने 160 दिन में पूरा किया।
भिलाई इस्पात संयंत्र की आधुनिक ब्लास्ट फर्नेस ‘महामाया’ उन्नत ऑटोमेशन और नियंत्रण प्रणाली के साथ दैनिक उत्पादन का ग्राफ 2 फरवरी 2018 को शुरू होने के बाद से लगातार बढ़ रहा है। ब्लोइंग इन के बाद 1631 दिनों में 10 मिलियन टन संचयी उत्पादन करने में सफल हुआ। राउरकेला स्टील प्लांट में समान क्षमता की भट्टी से 68 दिन पहले और इस्को स्टील प्लांट में समान क्षमता की भट्टी से 268 दिन पहले 10 मिलियन टन संचयी उत्पादन के मील का पत्थर को पार करने के साथ ही ब्लास्ट फर्नेस-8 सेल में सबसे तेज क्षमता हासिल करने वाला फर्नेस बन गया है।
दिनांक 22 जुलाई, 2022 को ब्लास्ट फर्नेस-8 के नियंत्रण कक्ष में आयोजित एक औपचारिक समारोह में संयंत्र के निदेशक प्रभारी अनिर्बान दासगुप्ता, कार्यपालक निदेशक प्रभारी (कार्मिक एवं प्रशासन), के के सिंह, कार्यपालक निदेशक (सामग्री प्रबंधन) ए के भट्टा, कार्यपालक निदेशक (वर्क्स) अंजनी कुमार, कार्यपालक निदेशक (परियोजनाएं), एस मुखोपाध्याय, कार्यपालक निदेशक (वित्त एवं लेखा), डाॅ ए के पंडा, मुख्य महाप्रबंधक (सर्विसेज), एस एन आबिदी, मुख्य महाप्रबंधक प्रभारी (आयरन) तापस दासगुप्ता, मुख्य चिकित्सा अधिकारी प्रभारी (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएँ) डाॅ एम रविन्द्रनाथ सहित संयंत्र के अन्य वरिष्ठ अधिकारी और ब्लास्ट फर्नेस बिरादरी की उपस्थिति में केक काटा गया।
बीएसपी के निदेशक प्रभारी अनिर्बान दासगुप्ता ने इस महती उपलब्धि के लिए महामाया के प्रतिबद्ध सदस्यों, ब्लास्ट फर्नेस बिरादरी और सभी सहयोगी विभागों के कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सेल-बीएसपी के लिए गर्व का अवसर है कि ब्लास्ट फर्नेस-8 इस मील के पत्थर को सबसे तेजी से हासिल करने वाला सेल का प्रथम ब्लास्ट फर्नेस बन गया। उन्होंने ब्लास्ट फर्नेस टीम से आग्रह करते हुए कहा कि ब्लास्ट फर्नेस-8 की युवा और होनहार टीम ऊर्जा से सराबोर है। मुझे आप सभी से बड़ी अपेक्षाएं हैं। अभी हमें उन्नति के और नये शिखर तय करने हैं।
उन्होंने कहा कि ब्लास्ट फर्नेस-8 की ऊर्जावान टीम को 4.0 प्रोजेक्ट को ध्यान में रखते हुए इस आधुनिक फर्नेस से अधिकतम उत्पादन लेना है। हमारा अगला लक्ष्य दैनिक उत्पादन दर को बढ़ाने और शुन्य दुर्घटना दर प्राप्त करने का होना चाहिए। मैं इस ऊर्जावान टीम से आग्रह करूंगा कि अगला 10 मिलियन टन को 1330 दिन में हासिल करने का लक्ष्य लेकर आगे बढ़े। श्री दासगुप्ता ने आष्वस्त करते हुए कहा कि प्रबंधन आपके साथ खड़ा हुआ है और आपकी हर सफलता और कठिनाई के दिनों में पूर्ण सहयोग करेगा।
उल्लेखनीय है कि ब्लास्ट फर्नेस-8 को 1 मिलियन टन से 2 मिलियन टन तक की यात्रा में 165 दिन लगे। इसी प्रकार 2 मिलियन टन से 3 मिलियन टन तक की यात्रा को 161 दिनों में पूरी की। 3 मिलियन टन से 4 मिलियन टन के मील के पत्थर को 155 दिन में प्राप्त कर लिया गया। इसी कड़ी में ब्लास्ट फर्नेस-8 को 4 मिलियन टन से 5 मिलियन टन संचयी उत्पादन की यात्रा को 149 दिन में पूर्ण किया। ब्लास्ट फर्नेस-8 ने 149 दिनों की समान समयावधि 5 मिलियन टन से 6 मिलियन टन तक की यात्रा को पूर्ण किया। 6 मिलियन टन से 7 मिलियन टन की यात्रा को पूरा करने में 141 दिन लगे। 7 से 8 मिलियन टन तक का सफर 154 दिनों में पूरा किया गया। ब्लास्ट फर्नेस-8 की 8 मिलियन टन से 9 मिलियन टन की यात्रा 138 दिनों के रिकॉर्ड समय में पूरी हुई। विदित हो कि उन्नत स्वचालन और नियंत्रण प्रणालियों के साथ अत्याधुनिक फर्नेस से दैनिक उत्पादन का ग्राफ तेजी से बढ़ा है।
ब्लास्ट फर्नेस-8 की उत्साही टीम को बधाई देते हुए कार्यपालक निदेशक प्रभारी (कार्मिक एवं प्रशासन), के के सिंह ने कहा कि एक अच्छी अनुशासित टीम ही ऐसे कठिन लक्ष्य को प्राप्त करने में सफल होती है। उन्होंने पूरी टीम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस टीम वर्क ने भिलाई और सेल की संस्कृति को प्रदर्शित किया है। मैं आशा करता हूँ कि यह टीम वर्क पूरे संयंत्र में अपना कौशल दिखायेंगे।
22 जुलाई, 2022 को ब्लास्ट फर्नेस-8 के सभागार में कार्यपालक निदेशक (वर्क्स) अंजनी कुमार ने उपस्थित संयंत्र बिरादरी को संबोधित करते हुए कहा कि इस सफलता के लिए आप सभी बधाई के पात्र है। आपने एक चुनौतीभरा लक्ष्य हासिल किया है। मेरा मानना है कि सुरक्षा को पहली प्राथमिकता देते हुए हमें अपने लक्ष्यों को हासिल करना होगा। उन्होंने ब्लास्ट फर्नेस-8 बिरादरी को शुन्य दुर्घटना लक्ष्य को सामने रखते हुए नई उपलब्धि प्राप्त करने का आव्हान किया।
इस अवसर पर मुख्य महाप्रबंधक (सर्विसेज), एस एन आबिदी ने अपने संबोधन में कहा कि संयंत्र के उत्पादन लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए ब्लास्ट फर्नेस-8 को जो लक्ष्य दिया गया था उसे इस टीम ने पूरा दिखाया है इसके लिए ब्लास्ट फर्नेस-8 की टीम बधाई की पात्र है।
वरिष्ठ अधिकारियों और ब्लास्ट फर्नेस बिरादरी व अन्य सभी उपस्थित लोगों का स्वागत करते हुए मुख्य महाप्रबंधक (आयरन) तापस दासगुप्ता ने सभी सहायक शाॅप्स तथा विभागों को ब्लास्ट फर्नेस-8 की 9 मिलियन टन से 10 मिलियन टन की यात्रा को पूरा करने में उनके सहयोग के लिए धन्यवाद दिया। इनके सहयोग के फलस्वरूप ब्लास्ट फर्नेस-8 ने उत्पादन के अधिकतम स्तर को बनाए रखने में कामयाबी हासिल की है। उन्होंने आश्वासन दिया कि टीम ‘महामाया’ अब तक श्रेष्ठ प्रदर्शन करती आई है और भविष्य में भी नये मिल के पत्थर स्थापित करने हेतु निरन्तर प्रयत्नशील रहेगी।
इस अवसर पर उपस्थित सभी वरिष्ठ अधिकारियों और ब्लास्ट फर्नेस-8 के अधिकारियों ने वृक्षारोपण किया। कार्यक्रम का धन्यवाद ज्ञापन ब्लास्ट फर्नेस-8 के कार्यकारी मुख्य महाप्रबंधक अरविंद गुप्ता ने किया।















