BREAKING

छत्तीसगढ़दुर्ग-भिलाईफीचर्ड

कुम्हारी पालिका सभाकक्ष को देखकर मुख्यमंत्री बोले- मतलब पूरा विधानसभा स्टाइल में बने हे, ऐसा पालिका भवन छत्तीसगढ़ में पहली बार देखा

 

दुर्ग। कुम्हारी नगर पालिका के नए भवन का लोकार्पण करते वक्त मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने जब इसका सभाकक्ष देखा तो इसकी बहुत प्रशंसा की। उन्होंने छत्तीसगढ़ी में कहा कि मतलब पूरा विधानसभा स्टाइल में बने हे। बहुत बढ़िया बनवाए हो। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसा पालिका भवन छत्तीसगढ़ में मैंने नहीं देखा है। बहुत अच्छी तरह से बना है। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने पार्षदों से चर्चा भी की।

पार्षदों ने मुख्यमंत्री से कहा कि कुम्हारी नगरपालिका के विकास के लिए जिस तरह से मुख्यमंत्री ने घोषणाएं की हैं उससे नगर में अधोसंरचना के क्षेत्र में और नागरिक सुविधाओं के क्षेत्र में बहुत बढ़िया काम हो सका है। हम सब इस से बहुत खुश हैं। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने पूरा भवन देखा।

अधिकारियों ने बताया कि भवन जी प्लस टू बनाया गया है प्रथम तल में सभाकक्ष और दूसरे तल में विभागों की शाखाएं होंगी। उल्लेखनीय है कि इस इमारत की लागत 3 करोड़ 54 लाख रुपये है। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने गोधन न्याय योजना के अंतर्गत बाड़ी से समूह को प्राप्त होने वाली आय के चेक का वितरण भी किया। साथ ही उन्होंने डोर टू डोर कचरा कलेक्शन करने वाली स्वच्छता ग्राही दीदियों के लिए ई रिक्शा भी दिया।

कुम्हारों को इलेक्ट्रिक चाक- इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कुम्हारों को इलेक्ट्रिक चाक भी वितरित किया। मुख्यमंत्री को इलेक्ट्रिक चाक में मिट्टी के बर्तन बनाकर कुम्हारों ने दिखाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि तकनीक के माध्यम से आपको हुनर को निखारने के लिए और बेहतर अवसर मिलेगा। साथ ही आप कम समय में अधिक कार्य भी कर पाएंगे।

Related Posts