ऋषि सुनक के अलावा कंजर्वेटिव पार्टी के तीन उम्मीदवार पेनी मोर्डेंट, लिज़ ट्रस और केमी बडेनोच पीएम पद की रेस में अब भी शामिल हैं…
नईदिल्ली (ए)। ब्रिटेन में प्रधानमंत्री पद की रेस में भारतवंशी ऋषि सुनक की दावेदारी और मजबूत हो गई है. भारतीय मूल के ऋषि सुनक ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बनने के बेहद करीब पहुंच गए हैं. सोमवार को हुए तीसरे राउंड की वोटिंग में 115 वोट के साथ ऋषि प्रधानमंत्री की रेस में सबसे आगे निकल गए हैं. उन्होंने इसके लिए सभी का शुक्रिया अदा किया है. आज चौथे दौर का मतदान होगा।
ब्रिटेन में तीसरे राउंड के लिए कुल 357 वोट डाले गए थे. मैदान में केवल चार प्रतिद्वंदी बचे हैं. भारतीय मूल के ऋषि सुनक को तीसरे राउंड में 115 वोट मिले यानी दूसरे राउंड से 14 वोट ज्यादा मिले हैं. इसके साथ ही अब चर्चा होने लगी है कि ऋषि सुनक ब्रिटेन के अगले प्रधानमंत्री होंगे।
ब्रिटेन में पीएम पद के लिए दावेदारों की रेस में तीसरे राउंड की जीत के बाद जोश से भरे ऋषि ने ब्रिटेन को ताकतवर बनाने की भी बात कही. उन्होंने कहा कि हम सब मिलकर अपनी अर्थव्यवस्था का पुनर्निर्माण कर सकते हैं. ब्रेक्सिट को सुरक्षित रख सकते हैं. ऋषि सुनक के अलावा कंजर्वेटिव पार्टी के तीन उम्मीदवार पेनी मोर्डेंट, लिज़ ट्रस, और केमी बडेनोच पीएम पद की रेस में अब भी शामिल हैं. वहीं तीसरे राउंड में कम वोट मिलने के बाद टॉम टुगेंडहट रेस से बाहर हो चुके हैं।
पीएम पद के किस दावेदार को कितना वोट? ब्रिटेन में इस राउंड के चुनाव में ऋषि सुनक की प्रतिद्वंद्वी पेनी मोर्डेंट 82 वोट के साथ दूसरे नंबर पर रही हैं. वहीं, 71 वोट हासिल कर लिज ट्रस तीसरे नंबर पर काबिज हैं. इसके अलावा 58 वोट के साथ केमी बैडेनोच चौथे नंबर पर हैं. इस राउंड में पीएम पद की रेस से बाहर होने वाले टॉम टुगेंडहट को 31 वोट ही हासिल हुए. गुरूवार तक केवल दो उम्मीदवार मैदान में बचे रहेंगे. पांच सितंबर तक विजयी उम्मीदवार तत्कालीन पीएम बॉरिस जॉनसन की जगह नए प्रधानमंत्री के रूप में पद की शपथ लेंगे।















