प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जे पी नड्डा सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में धनखड़ ने नामांकन दाखिल किया…
नईदिल्ली (ए)। भारत के नये उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए आगामी 6 अगस्त को होने वाले चुनाव के मद्देनजर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के उम्मीदवार जगदीप धनखड़ ने सोमवार को नामांकन दाखिल कर दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जे पी नड्डा सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में धनखड़ ने नामांकन दाखिल किया. नामांकन दाखिल करने के समय जनता दल (यूनाईटेड) के राजीव रंजन सिंह, बीजू जनता दल के पिनाकी मिश्रा, केंद्रीय मंत्री पशुपति पारस, अनुप्रिया पटेल और रामदास आठवले भी मौजूद थे।
उप राष्ट्रपति पद के लिए जब धनखड़ अपना नामांकन कर रहे थे, उस समय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनकी अलग ही केमिस्ट्री नजर आयी. पीएम मोदी और धनखड़ एक जैसे कपड़े पहने नजर आये. दोनों सफेद रंग के कुर्ते पहने थे और साथ ही ब्लू क्लर की सदरी भी. नामांकन के दौरान पीएम मोदी और धनखड़ बीच जमकर बातचीत भी हुई. धनखड़ की बात पर पीएम मोदी को हंसते हुए देखा गया।
नामांकन दाखिल करने के बाद धनखड़ ने कहा, मैं देश के लोकतांत्रिक मूल्यों को आगे बढ़ाने का हमेशा प्रयास करूंगा. उन्होंने कहा, मैंने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि मेरे जैसे सामान्य पृष्ठभूमि वाले व्यक्ति को यह अवसर मिलेगा. एक किसान परिवार से आने वाले मुझ जैसे सामान्य व्यक्ति को ऐतिहासिक मौका देने के लिए मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करता हूं।
नामांकन दाखिल करने से पहले धनखड़ ने उनका समर्थन कर रहे विभिन्न दलों के सांसदों के साथ संसद भवन परिसर में एक बैठक भी की. प्रधानमंत्री मोदी भी इस बैठक में मौजूद थे. उनके अलावा बीजू जनता दल और लोक जनशक्ति पार्टी के सांसद भी इस अवसर पर मौजूद थे. विपक्षी दलों ने उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए अपने संयुक्त उम्मीदवार के रूप में वरिष्ठ कांग्रेस नेता मार्गरेट अल्वा को मैदान में उतारा है. उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 19 जुलाई है।















