एनडीएस की ओर से 2017 में उपराष्ट्रपति पद के लिए तत्कालीन केंद्रीय मंत्री नायडू को अपना उम्मीदवार बनाया था, भाजपा इस बार भी अपने उम्मीदवार की जीत सुनिश्चित करने के लिए मजबूत स्थिति में है…
नईदिल्ली (ए)। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने पश्चिम बंगाल के राज्यपाल जगदीप धनखड़ का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। केंद्र की सत्ताधारी पार्टी बीजेपी की ओर से उपराष्ट्रपति पद के लिए जगदीप धनखड़ को उम्मीदवार बनाए जाने के बाद उन्हें राज्यपाल के पद से इस्तीफा देना पड़ा है। धनखड़ के इस्तीफे के बाद मणिपुर के राज्यपाल ला.गणेशन को पश्चिम बंगाल के राज्यपाल की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है। गणेशन नियमित व्यवस्था होने तक मणिपुर के साथ-साथ पश्चिम बंगाल के राज्यपाल के कार्यों का निर्वहन करेंगे।
शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में हुई बीजेपी की संसदीय बोर्ड की बैठक के बाद पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा उपराष्ट्रपति पद के चुनाव के लिए जगदीप धनखड़ को उम्मीदवार घोषित किया। संसदीय बोर्ड की बैठक में प्रधानमंत्री मोदी और नड्डा के अलावा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित संसदीय बोर्ड के अन्य सदस्य मौजूद थे।
उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि 19 जुलाई है और मतदान छह अगस्त को निर्धारित है। मौजूदा उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू का कार्यकाल 10 अगस्त को समाप्त हो रहा है। देश के उपराष्ट्रपति को चुनने के लिए निर्वाचक मंडल में संसद के दोनों सदनों, लोकसभा और राज्यसभा के सदस्य शामिल होते हैं। संसद में सदस्यों की मौजूदा संख्या 780 है, जिनमें से केवल भाजपा के 394 सांसद हैं। जीत के लिए 390 से अधिक मतों की आवश्यकता होती है।















