BREAKING

देश-दुनियाफीचर्डविविध

भारत ने पांचवें टेस्ट में इंग्लैंड पर कसा शिकंजा, जानिए कैसा रहा तीसरे दिन का पूरा हाल

भारत ने अपनी दूसरी पारी में 3 विकेट खोकर 125 रन बना लिए हैं, इसके साथ ही भारत ने 257 रन की मजबूत बढ़त भी हासिल कर ली है, दूसरी पारी में पुजारा अर्धशतक बनाकर नाबाद है…

 

नईदिल्ली (ए)। भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ पांचवें टेस्ट मैच में रविवार को तीसरे दिन का खेल खत्म होते समय तीन विकेट पर 125 रन बनाकर अपनी कुल बढ़त 257 रन की कर ली। इससे पहले भारत की पहली पारी में 416 रन के जवाब में इंग्लैंड की टीम 284 रन पर ऑल आउट हो गयी। स्टंप्स के समय चेतेश्वर पुजार (50) के साथ ऋषभ पंत (30) क्रीज पर मौजूद थे। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 50 रन की अटूट साझेदारी कर ली है।

पहली पारी में इंग्लैंड को 284 रन पर ऑल-आउट करके 132 रन की बढ़त के साथ दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम के सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल पहले ओवर में ही चार रन बनाकर आउट हो गये। तीसरे नंबर पर आये हनुमा विहारी ने चेतेश्वर पुजारा के साथ साझेदारी बुनने का प्रयास किया, मगर वह भी 11 रन बनाकर पवेलियन लौट गये। विराट कोहली ने बेन स्टोक्स की अतिरक्ति उछाल वाली गेंद पर आउट होने से पहले 20 रन बनाये। मैच के तीसरे दिन पिच पर इसके अलावा भी असमान उछाल देखा गया।

दिन का खेल समाप्त होने तक पुजारा 50 रन बनाकर और ऋषभ पंत 30 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद रहे। दोनों के बीच 50 रन की अहम साझेदारी हो चुकी है, जिसकी बदौलत भारत ने तीन विकेट के नुकसान पर 125 रन बनाकर अपनी बढ़त को 257 कर लिया है

इंग्लैंड की ओर से शानदार फॉर्म में चल रहे जॉनी बेयरस्टो ने सर्वाधिक 106 रन बनाये। बेयरस्टो ने अपनी पारी में 140 गेंदें खेलकर 14 चौके और दो छक्के लगाये। बेयरस्टो के अलावा इंग्लैंड का कोई भी बल्लेबाज 50 रन भी नहीं बना सका। विकेटकीपर सैम बिलिंग्स ने 36(57), कप्तान बेन स्टोक्स ने 25(36) और जो रूट ने 31(67) रन बनाये।

मैच के तीसरे दिन 84/5 से शुरू करते हुए इंग्लैंड ने थोड़ा समय लिया, लेकिन बॉल जैसे-जैसे पुरानी होती गयी, बेयरस्टो और स्टोक्स अपने हाथ खोलते रहे। स्टोक्स पारी को रफ्तार देने के प्रयास में शार्दुल ठाकुर की गेंद पर बुमराह के शानदार कैच की भेंट चढ़ गये, मगर बेयरस्टो इससे बिलकुल प्रभावित नहीं हुए और बिना समय गंवाए पारी का गियर बदला। दिन की शुरुआत में 47 रन पर 11 रन बनाकर खेल रहे बेयरस्टो ने 81 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। बेयरस्टो को बिलिंग्स का साथ मिला और दोनों के बीच 92 रन की अहम साझेदारी हुई।

आखिर में मोहम्मद शमी ने बेयरस्टो को 106 रन पर आउट कर इस साझेदारी को समाप्त किया। इंग्लैंड ने अपने अंतिम तीन विकेट के लिये 43 रन जोड़े, मगर भारत के पहली पारी के विशाल स्कोर के आगे वह काम न आया और भारत ने 132 रन की बढ़त हासिल की। भारत की ओर से सिराज ने चार, बुमराह ने तीन, शामी ने दो विकेट लिये जबकि ठाकुर को एक विकेट हासिल हुआ।

Related Posts