BREAKING

छत्तीसगढ़फीचर्ड

बहुत बढ़िया लागत है, अतेक सुंदर, इहां के जिला बहुत सुंदर, इहां के रहैया मन भी सुंदर, इहां के नोनी बाबू मन ओकर ले जादा सुंदर : मुख्यमंत्री

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार की महत्वाकांक्षी स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम स्कूल अब बदलाव की झलक देने लगे हैं। भरतपुर के स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल की छात्रा श्रद्धा कुशवाहा ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा छत्तीसगढ़ी में पूछे गए सवालों के जवाब फर्राटेदार अंग्रेजी में दिए। कोरिया जिले के भरतपुर-सोनहत विधानसभा क्षेत्र के बहरासी में लोगों से भेंट-मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री श्री बघेल ने स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल की छात्रा से बात की और छत्तीसगढ़ी में प्रश्न पूछे।

भरतपुर स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल की छात्रा श्रद्धा ने मुख्यमंत्री के प्रश्नों का अंग्रेजी में उत्तर देते हुए कहा कि उसका स्कूल अच्छा है और वहां का माहौल भी बढ़िया है। स्कूल में अंग्रेजी सीखने-सिखाने का बेहतर वातावरण है, जो हमारे भविष्य के लिए अच्छा है। मुख्यमंत्री ने स्कूल के बच्चों को बधाई देते हुए उनकी हौसला अफजाई भी की।

रजौली भेंट मुलाकात कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने सोनहत के स्वामी आत्मानन्द अंग्रेजी स्कूल के कक्षा ग्यारहवीं की छात्रा अनीषा जयसवाल से बड़ा ही आत्मीय संवाद किया। मुख्यमंत्री ने अनीषा से कहा -मैं छत्तीसगढ़ी में बोलूंगा, तुम अंग्रेजी में सवाल पूछो। अनीषा ने मुख्यमंत्री से हिंदी में पूछा कि आपको हमारे जिले में आकर कैसा लगा। जिस पर मुख्यमंत्री ने उसे फिर अंग्रेजी में पूछने कहा।

अंग्रेजी में जब अनीषा ने इसी सवाल को पूछा तो उन्होंने ठेठ छत्तीसगढ़ी में जवाब देते हुए कहा- बहुत बढ़िया लागत है, अतेक सुंदर, इहां के जिला बहुत सुंदर, इहां के रहैया मन भी सुंदर, इहां के नोनी बाबू मन ओकर ले जादा सुंदर। बहुत बढ़िया लागत हे। मुख्यमंत्री ने अपनी बात- छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया कह कर समाप्त की तो सभी उपस्थित लोगों ने भी इस वाक्य को दोहराते हुए तालियां बजाईं।

Related Posts