सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (एसआईआई) में सरकारी एवं नियामक मामलों के निदेशक प्रकाश कुमार सिंह ने 16 मार्च को आपातकालीन उपयोग प्राधिकरण के लिए आवेदन प्रस्तुत किया था….
नईदिल्ली (ए)। भारत के औषधि महानियंत्रक (डीसीजीआई) ने 7 से 12 साल के बच्चों के लिए सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया की कोवोवैक्स वैक्सीन को मंजूरी दे दी है। इससे पहले केंद्रीय औषधि प्राधिकरण की एक विशेषज्ञ समिति ने सात से 12 वर्ष की आयु के बच्चों के लिए कोवोवैक्स टीके के आपातकालीन उपयोग की मंजूरी देने की शुक्रवार को सिफारिश की थी।
हालांकि अब DCGI ने इसे मंजूरी दे दी है। समाचार एजेंसी एएनआई ने सूत्रों के हवाले से लिखा कि कोवोवैक्स को केवल आपातकालीन स्थिति में सीमित इस्तेमाल के लिए मंजूरी मिली है।
सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (एसआईआई) में सरकारी एवं नियामक मामलों के निदेशक प्रकाश कुमार सिंह ने 16 मार्च को आपातकालीन उपयोग प्राधिकरण के लिए आवेदन प्रस्तुत किया था। इससे पहले डीसीजीआई ने 28 दिसंबर को वयस्कों में आपातकालीन स्थिति में सीमित इस्तेमाल के लिए कोवोवैक्स को मंजूरी दी थी। नौ मार्च को कुछ शर्तों के अधीन 12 से 17 वर्ष आयुवर्ग में भी इसके उपयोग को मंजूरी दी गई थी।
गौरतलब है कि देश में 16 मार्च को 12-14 आयु वर्ग के बच्चों का टीकाकरण शुरू किया गया था। वहीं देशभर में टीकाकरण अभियान पिछले साल 16 जनवरी को शुरू किया गया था, जिसमें स्वास्थ्य कर्मियों को पहले चरण में टीका लगाया गया था। अग्रिम पंक्ति के कर्मियों का टीकाकरण पिछले साल दो फरवरी से शुरू हुआ था।















