कलेक्टर डा. सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे ने दिये अधिकारियों को निर्देश, घरों में रोपने लोगों को उपलब्ध कराएं पौधे…
दुर्ग। घरों को हरियाली से गुलजार करने का वन होम वन ट्री महा अभियान इस साल भी 6 जुलाई को आयोजित किया जाएगा। इस तरह जिले में मनाया जाने वाला हरियाली का यह सबसे बड़ा अभियान लगातार तीसरी बार आयोजित किया जाएगा। कलेक्टर डा. सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे ने अधिकारियों से इस महाअभियान को सफल बनाने युद्धस्तर पर कार्य करने के निर्देश दिये। कलेक्टर ने कहा कि अपने वातावरण को बेहतर करने के लिए सुंदर बनाने के लिए पौधरोपण बेहद जरूरी है। दुर्ग जिले के नागरिक इस मायने में बहुत उत्साही हैं और उन्होंने पिछले दो सालों से लगातार अपने घरों में पौधे रोपे हैं और उन्हें सहेजा है। जिन लोगों ने अपने घरों में पौधे लगाये हैं वे अब बड़े हो गये हैं। बैठक में अपर कलेक्टर अरविंद एक्का, पद्मिनी भोई, जिला पंचायत सीईओ अश्विनी देवांगन, डीएफओ शशि कुमार, नगर निगम भिलाई आयुक्त प्रकाश सर्वे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
नगरीय निकायों में और फारेस्ट की नर्सरी में उपलब्ध होंगे पौधे, घर पहुंच सेवा भी होगी उपलब्ध- कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि नगरीय निकायों के सभी जोन कार्यालयों में पौधे उपलब्ध कराए जाएंगे जहां से लोग अपने लिए पौधे ले जा सकेंगे। इसके साथ ही फारेस्ट नर्सरी से भी लोग पौधे ले सकेंगे। इसके साथ ही वन विभाग द्वारा फोन करने पर भी पौधे उपलब्ध कराए जाने की सुविधा दी जाएगी।
फलदार पौधे अधिक संख्या में रखने के निर्देश- कलेक्टर ने कहा कि लोगों की रुचि फलदार पौधों में अधिक होती है। इसके लिए फलदार पौधे अधिक संख्या में तैयार रखें। उन्होंने कहा कि इसके लिए अगले एक हफ्ते में तैयारी कर लें। हार्टिकल्चर और फारेस्ट विभाग अगले एक हफ्ते में महा अभियान में लगने वाले पौधों की संख्या का आंकलन कर लें। विभागों से इसकी जानकारी मंगा लें तथा एनजीओ, औद्योगिक समूह आदि जो पौधा लगाना चाहते हैं उनकी भी जानकारी ले लें।
हर ग्राम पंचायत में हो प्लानिंग, प्रमुख सड़कों के किनारे हो प्लांटेशन- कलेक्टर ने जिला पंचायत सीईओ अश्विनी देवांगन से हर ग्राम पंचायत में पौधरोपण की प्लानिंग करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ियों में भी मुनगा जैसे पौधों का रोपण किया जाए। इसके साथ ही उन्होंने ऐसी सड़कों में भी प्लांटेशन के निर्देश दिये जिनके किनारे अब तक प्लांटेशन नहीं हो पाया है।
दो साल पहले वन होम वन ट्री महाअभियान में घरों में रोपे थे पौधे, अब बन रहे वृक्ष, कलेक्टर ने रोपा था चंदन का पौधा, जब रोपा तब 4 फीट का था अब 12 फीट का
दो साल पहले वन होम वन ट्री महा अभियान के अंतर्गत दुर्ग जिले के नागरिकों ने अपने घरों में हरियाली का एक सुंदर पौधा रोपा था। आज वो पौधे बड़े हो गये हैं और घरों की शोभा बढ़ाने वाले वृक्ष बन रहे हैं। कलेक्टर डा. सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे ने दो साल से पहले पदस्थ अधिकारियों से उनके द्वारा लगाये गये पौधों की स्थिति के बारे में जानकारी ली। साथ ही अपने अनुभव भी साझा किये। कलेक्टर ने बताया कि वन होम वन ट्री महा अभियान के अंतर्गत उन्होंने दो साल पहले चंपा और चंदन का पौधा अपने बंगले में लगाया था। जिस समय चंदन का पौधा लगाया, वो चार फुट का छोटा सा पौधा था। अब वो 12 फुट का हो गया है। पौधे को वृक्ष बनते देखना बहुत सुखद लग रहा है। इसके बाद अधिकारियों ने भी अपने पौधों के बारे में जानकारी दी।
ग्रुप में फोटो शेयर किया तो अन्य अधिकारियों ने भी शेयर किये फोटोग्राफ- कलेक्टर ने अपने घर के चंदन का फोटो साझा किया। इसके बाद अभियान में पौधा लगाने वाले अन्य अधिकारियों ने भी अपने फोटोग्राफ साझा किये। डीपीओ श्री विपिन जैन ने दो साल पहले लगाये गये नीम के पौधे की फोटो साझा की। अपने बेटे के साथ वे नीम का पौधा लगा रहे हैं। आज ये पौधा कई गुना बढ़ चुका है। नगर निगम भिलाई आयुक्त श्री प्रकाश सर्वे ने दोनों अभियानों में अपने द्वारा लगाये पौधों की फोटो साझा की। उपसंचालक उद्यानिकी श्री सुरेश ठाकुर एवं नगर निवेश अधिकारी श्री विमल बड़गैया ने भी फोटो साझा की।
बादाम के पौधे में लग चुका फल भी- उपसंचालक जनशक्ति नियोजन राजकुमार कुर्रे ने बताया कि उन्होंने दो साल पहले इस महा अभियान में अपने बेटे के साथ बादाम का पेड़ लगाया था। इसमें फल भी आ गया है। इसे देखकर बहुत सुखद अनुभूति होती है। उन्होंने बताया कि बादाम का पौधा हाइब्रिड पौधा था इसलिए उसमें तेजी से ग्रोथ हुई होगी।
अपनी हरियाली दूसरों से भी बांटिये, महा अभियान के दौरान लगाई गई पौधों की बढ़त की फोटो हमसे साझा कीजिए- दुर्ग के नागरिकों ने पिछले दोनों अभियानों में बड़ी संख्या में अपने घरों में पौधे लगाये हैं। दुर्ग डिस्ट्रिक्ट के ट्विटर पेज पर आप हमें टैग कर सकते हैं। फेसबुक में दुर्ग पीआरओ के पेज पर भी आप इसे टैग कर सकते हैं। पिछली फोटो शेयर करने और इस बार नये पौधे लगाने की अपनी इच्छा को हमसे जरूर साझा कीजिए। इसके लिए #onehomeonetree का हैशटेग जरूर लगाएं।















