रायपुर। राज्यपाल अनुसुईया उइके ने प्रदेशवासियों को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की बधाई दी है। राज्यपाल ने योग दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को अपने संदेश में कहा है कि प्रत्येक व्यक्ति योग को अपने दिनचर्या में शामिल करें। नियमित योग से शरीर के स्वस्थ होने के साथ-साथ मन की एकाग्रता भी बढ़ती है। लोगों की वर्तमान जीवन शैली और दिनचर्या को देखते हुए स्वस्थ व निरोगी जीवन के लिए योग की प्रासंगिकता बढ़ी है। भारतीय जीवन परंपरा में योग नया नहीं है, बल्कि वर्षों पुरानी इस विद्या से लोग अपने जीवन को बेहतर बना रहे हैं। पिछले दो-ढाई वर्षों में समूचा विश्व जिस गंभीर महामारी के दौर से गुजरा है, उसने लोगों को स्वास्थ्य के प्रति अधिक सचेत व जागरूक किया है। इसी जागरूकता से लोगों का झुकाव योग व प्राचीन विद्याओं की तरफ बढ़ा है।
राज्यपाल सुश्री उइके ने कहा कि हमें हमारी इस प्राचीन विद्या पर गौरवान्वित होना चाहिए। योग से लाखों मनुष्यों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आए हैं और कई लोग योग को अपनाकर स्वस्थ जीवन जी रहे हैं। पूरे विश्व ने भारत की इस प्राचीन परंपरा को न केवल अपनाया है, बल्कि प्रतिवर्ष योग दिवस के अवसर पर इसे अपनाने का संकल्प दोहराते हैं। राज्यपाल सुश्री उइके ने अपने संदेश में कहा कि स्वस्थ और संतुलित जीवन के लिए हमें नियमित योग करना चाहिए और अन्यों को भी योग करने के लिए प्रेरित करना चाहिए।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रदेशवासियों को आठवें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं दी हैं। योग दिवस की पूर्व संध्या पर आज यहां जारी अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा है कि योग स्वस्थ, तनावमुक्त और अनुशासित जीवन जीने की एक शैली है। इसकी साधना मूल रूप से शरीर, मन और आत्मा को शुद्ध करने की एक प्रक्रिया है। इससे शारीरिक शक्ति के साथ हमें आंतरिक और भावनात्मक मजबूती भी मिलती है।
श्री बघेल ने कहा है कि योग भारत की प्राचीन परंपरा है। हमारे ऋषि-मुनियों ने इसके महत्व को बहुत पहले से ही जान लिया था। आज पूरा विश्व योग का महत्व समझ रहा है। संयुक्त राष्ट्र संघ के आव्हान पर अब हर साल 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर योग दिवस मनाया जाता है। इस वर्ष की थीम ’मानवता के लिए योग‘ (योग फॉर ह्यूमनिटी) रखी गयी है। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में योग की प्रासंगिकता को बडे़ पैमाने पर लोगों ने पहचाना। शारीरिक ऊर्जा, प्रतिरोधक क्षमता के विकास और सामान्य स्वास्थ्य पर योग का काफी सकारात्मक प्रभाव देखने को मिला।
सभी नागरिकों से योग को अपनाने का आह्वान करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इसे नियमित रूप से अपनी दिनचर्या में शामिल करें। इससे आपके जीवन में सकारात्मकता आएगी। तन और मन दोनो स्वस्थ्य रहेंगे तो किसी भी विपरीत परिस्थिति का सामना कर सकेंगे। तन-मन से चुस्त-दुरुस्त रहकर ही हम गढ़बो नवा छत्तीसगढ़ के सपने को तेजी से साकार कर सकते हैं। स्वस्थ्य रहें और लोगों को स्वस्थ जीवन शैली के लिए प्रेरित करें।















