BREAKING

छत्तीसगढ़फीचर्ड

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रदेशवासियों को रक्तदान दिवस और कबीर जयंती की दी बधाई एवं शुभकामनाएं

रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने विश्व रक्त दान दिवस के अवसर पर लोगों से रक्त दान कर लोगों का जीवन बचाने की अपील की है। श्री बघेल ने कहा है हर साल 14 जून को विश्व स्वास्थ्य संगठन सहित पूरी दुनिया द्वारा रक्तदान को बढ़ावा देने और रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विश्व रक्त दान दिवस मनाया जाता है।

श्री बघेल ने कहा कि विश्व स्वास्थ्य संगठन ने इस वर्ष दुनियाभर के लोगों से एकजुटता के साथ रक्त दान करने और जीवन बचाने कहा है। आज भी कई बार आकस्मिक परिस्थितियों में लोगों को सरलता से रक्त उपलब्ध नहीं हो पाता है। आपात स्थितियों, बीमारी, दुर्घटना सहित प्रसव मामलों में जीवन रक्षा के लिए रक्त की जरूरत होती है। श्री बघेल ने कहा कि रक्तदान महादान के महत्व को जन-जन समझें। रक्त देने में किसी प्रकार का कोई नुकसान नहीं होता। रक्त देना जीवन रक्षा और पुण्य का काम हैं।

मुख्यमंत्री ने कबीर जयंती की दी बधाई
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने 14 जून को संत कबीर की जयंती पर प्रदेशवासियों को बधाई दी है। अपने बधाई संदेश में श्री बघेल ने कहा है कि संत कबीर साहेब का जीवन दर्शन हर युग में प्रासंगिक है। संत कबीर ने अपने दोहों के माध्यम से भाईचारे, प्रेम, सद्भावना और सामाजिक समानता का संदेश दिया। उन्होंने समाज में फैले आडंबर और जात-पात का सख्त विरोध किया।

अपने दोहों के माध्यम से उन्होंने सामाजिक कुरीतियों पर कठोर प्रहार किया और लोगों को सत्य, अहिंसा, दया, करूणा, परोपकार जैसे मानवीय मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा दी। छत्तीसगढ़ में भी संत कबीर के जीवनदर्शन का लोगों के जन-जीवन पर गहरा प्रभाव रहा है। श्री बघेल ने कहा है संत कबीर के उपदेश हमें हमेशा सही राह दिखाते रहेंगे।

Related Posts