भिलाई। कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे ने भिलाई तहसील कार्यालय सहित जोन 3 के वार्ड 31 मदर टेरेसा नगर में गुरूद्वारा के पीछे सामुदायिक भवन और जोन 4 के चंद्रशेखर आजाद नगर वार्ड 39 के सुभाष नगर सामुदायिक भवन में लगे जनसमस्या निवारण शिविर का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निगम आयुक्त प्रकाश सर्वें, जोन 3 आयुक्त येशा लहरे, जोन 4 आयुक्त अमिताभ शर्मा, जोन स्वास्थ्य प्रभारी द्वय महेश पांडे व सुदामा परगनिहा मौजूद थे।
इस दौरान कलेक्टर डॉ. भुरे ने तहसील कार्यालय का भी निरीक्षण किया और सीमांकन, राजस्व मामलों से संबंधित व पेंडिग कार्य के जल्द निपटान करने के निर्देश तहसीलदार क्षमा को दिए। जनसमस्या निवारण शिविरों में शिकायतों के निराकरण के लिए दिए गए आवेदनों का अवलोकन किया। उन्होंने निगम आयुक्त व जोन के अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविर में प्राप्त आवेदनों का शीघ्रता से निराकरण कराया जाए, ताकि नागरिकों को मूलभूत सुविधाओं के लिए भटकना न पड़े।
उल्लेखनीय है कि महापौर नीरज पाल के निर्देशों का पालन करते हुए सभी वार्डों में शिविर लगाए जा रहे हैं। आयुक्त प्रकाश सर्वें के दिशा-निर्देशन में जोन एक के वार्ड 3 मॉडल टाउन के पंचमुखी गार्डन सांस्कृतिक भवन, जोन 2 के वार्ड 16 सुपेला में सामुदायिक भवन दुबे पशु आहार के पास भी शिविर लगाए गए, जहां वार्ड के लोग अपनी समस्या का निवारण करने के लिए पहुंचे थे।
जोन 1 नेहरू नगर में 151, जोन 2 वैशाली नगर में 27, जोन 3 मदर टेरेसा नगर में 19, जोन 4 शिवाजी नगर में 7 व जोन 5 सेक्टर 6 में 13 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें पीएम आवास के 1, सामाजिक सहायता पेंशन के 4, राशन कार्ड के 20, सीमेंट सड़क 6, नाली निर्माण 19, जल प्रदाय 22, प्रकाश व्यवस्था 3, भवन निर्माण 1, आबादी पटटा 122, अतिक्रमण हटाने 1, सफाई कार्य 13 व अन्य के 4 को मिलाकर कुल 217 आवेदन प्राप्त हुए। यहां राशन कार्डों का तुरंत ऑनलाइन निराकरण किया गया।















