रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने विधानसभा क्षेत्रों में आम जनता, जनप्रतिनिधियों और समाज प्रमुखों से ‘भेंट-मुलाकात‘ अभियान की शुरूआत सरगुजा संभाग के बलरामपुर जिले के सामरी विधानसभा क्षेत्र से की। इस विधानसभा क्षेत्र के कुसमी पहुंचने पर हेलीपेड पर संसदीय सचिव चिंतामणी महाराज सहित वहां के जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने मक्के से बनने वाले पॉपकॉर्न की माला पहनाकर उनका गर्म जोशी से स्वागत किया।
मुख्यमंत्री श्री बघेल हेलीपेड से सीधे कुसमी थाना परिसर पहुंचे और वहां स्थित श्रीराम जानकी मंदिर में पूजा-अर्चना कर ‘भेंट-मुलाकात‘ अभियान का आगाज किया। मुख्यमंत्री ने इसके बाद थाना परिसर में पुलिस कर्मियों के परिजनों से मुलाकात की। पुलिस कर्मियों को साप्ताहिक अवकाश देने तथा छत्तीसगढ़ में शासकीय कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना लागू करने के लिए पुलिस कर्मियों के परिवारजनों ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार प्रकट किया। इस दौरान मुख्यमंत्री पुलिस कर्मियों के बच्चों से बड़ी ही आत्मीयता के साथ मिले और बच्चों को चॉकलेट बांटी।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राजधानी रायपुर के पुलिस लाइंस हेलीपेड से प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों में आमजनता, जनप्रतिनिधियों और समाज प्रमुखों से ’भेंट-मुलाकात’ के अभियान पर रवाना हुए। मुख्यमंत्री इस अभियान की शुरूआत सरगुजा संभाग के बलरामपुर जिले से करेंगे। श्री बघेल का पहला पड़ाव सामरी विधानसभा क्षेत्र में होगा। मुख्यमंत्री बलरामपुर जिले के सामरी विधानसभा क्षेत्र में कुसमी, शंकरगढ़ और बरियों गांव में पहुचेंगे तथा रात्रि विश्राम राजपुर में किया।
मुख्यमंत्री श्री बघेल ने भेट-मुलाकात’ के अभियान में रवाना होने से पहले मीडिया प्रतिनिधियों से चर्चा करते हुए कहा कि कोरोना के कारण एक लंबे अरसे से लोगों के बीच जा नही पाए थे, हालंाकि पिछले वर्ष सामाजिक संगठनों की बैठक में शामिल होने का मौका मिला। भ्रमण के दौरान शासकीय योजनाओं की धरातल पर स्थिति की जानकारी लूंगा। उन्होंने कहा कि आम जनता से और जनप्रतिनिधियों से मिलने से योजनाओं के बारे में जानकारी मिलती है, क्या संशोधन होना चाहिए, क्या जुड़ना चाहिए, इसकी जानकारी मिलती है।
भ्रमण के दौरान गांवों में हुए अच्छे कार्यो के साथ वहां की समस्याओं के बारे में भी जानकारी मिलेगी। मेरी कोशिश होगी की मैं अधिक से अधिक समय लोगों के साथ बिताऊं। उन्होंने कहा कि भ्रमण के दौरान वे पीडीएस दुकान, पंचायत कार्यालय, आंगनबाड़ी, स्वास्थ्य केन्द्र, थाने, स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल, नगर पंचायत के दफ्तर जाएंगे। उन्होंने बताया कि जिले के प्रभारी मंत्री और क्षेत्र के विधायक भी भ्रमण के दौरान उनके साथ होंगे। नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री डॉ शिवकुमार डहरिया भी मुख्यमंत्री के साथ रवाना हुए।















