योगी आदित्यनाथ ने अपनी मां सावित्री देवी के पैर छुए और आशीर्वाद लिया, इस दौरान योगी काफी भावुक भी नजर आए। हो भी क्यों न पिता आनंद सिंह बिष्ट की मौत के दो साल बाद वो पहली बार मां से मिल रहे थे…
देहरादून (ए)। यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ तकरीबन 28 साल बाद अपने पैतृक घर पंचूर गांव पहुंचे। उत्तराखंड के पौड़ी जनपद में यमकेश्वर स्थित पंचूर में योगी के पहुंचते ही पूरा गांव मानो झूम उठा। खासकर योगी के घरवालों के लिए यह मौका खुशियों से बारिश से कम नहीं था। योगी आदित्यनाथ ने अपनी मां सावित्री देवी के पैर छुए और आशीर्वाद लिया। मां के गले पर फूलों का हार पहनाकर वो उनकी बगल में बैठ गए। इस दौरान योगी काफी भावुक भी नजर आए। हो भी क्यों न पिता आनंद सिंह बिष्ट की मौत के दो साल बाद वो पहली बार मां से मिल रहे थे। सीएम योगी ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर एक तस्वीर भी पोस्ट की। कैप्शन में लिखा- मां।
उत्तराखंड के तीन दिवसीय दौरे में पहुंचे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदत्यिनाथ मंगलवार को अपनी मां सावित्री देवी से मिल कर भावुक हो गये। कोरोना काल में पिता आनंद सिंह बिष्ट के देहान्त के बाद पहली बार पौढ़ी गढ़वाल में यमकेश्वर स्थित अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंचे योगी ने पांव छूकर अपनी मां की आशीर्वाद ग्रहण किया और बाद में इस भावुक मगर यादगार लम्हे को ट्वीट कर अपनी भावनाओं का इजहार किया।
ट्वीट में सिर्फ ‘मां’ शब्द लिखकर मानो उन्होंने अपनी समस्त भावनाओं को उड़ेल दिया। अपने बैरागी पुत्र को देखकर बुजुर्ग मां का चेहरा दमक उठा था। योगी ने मां का हालचाल पूछा और कुछ समय तक उनसे बातचीत की।
माँ pic.twitter.com/3YA7VBksMA
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) May 3, 2022
इससे पहले मुख्यमंत्री तमाम सरकारी तामझाम के बगैर पैदल ही अपने गांव पहुंचे जहां पहाड़ी गीत के साथ उनका तहेदिल से स्वागत किया गया। इस अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मौजूद थे। योगी ने इससे पहले अपने स्कूल के गुरू का सम्मान किया और ट्वीट कर कहा, “आज मुझे यमकेश्वर, पौड़ी-गढ़वाल, उत्तराखंड में अपने स्कूल के गुरुजन के दर्शन एवं उनका सम्मान करने का भी सौभाग्य प्राप्त हुआ।”















