डील फाइनल होने की खबर के बीच सोमवार को वॉल स्ट्रीट पर शुरुआती ट्रेडिंग में ट्विटर इंक के शेयर 5 प्रतिशत से अधिक बढ़ गए….
नईदिल्ली (ए)। सोशल माइक्रोब्लॉगिंग साइट ट्विटर (Twitter) पर दुनिया के सबसे अमीर शख्स एलन मस्क का आखिरकार कब्जा हो ही गया। टेस्ला के सीईओ एलन मस्क और ट्विटर इंक के बीच 44 अरब अमेरिकी डॉलर में डील फाइनल हुई है। एलन मस्क ने ट्विटर इंक में 54.20 डॉलर प्रति शेयर नकद में डील की है। ट्विटर इंक ने एलन मस्क के ऑफर को स्वीकार कर लिया है और अब इसकी आधिकारिक घोषणा भी कर दी गई है। बता दें कि डील फाइनल होने की खबर के बीच सोमवार को वॉल स्ट्रीट पर शुरुआती ट्रेडिंग में ट्विटर इंक के शेयर 5 प्रतिशत से अधिक बढ़ गए। इंट्रा-डे ट्रेडिंग के दौरान शेयर की कीमत 52.29 डॉलर के उच्च स्तर को छू गई।
मस्क ने किया ट्वीट- एलन मस्क ने थोड़ी देर पहले ही ट्वीट कर कहा है, ‘मुझे उम्मीद है कि मेरे सबसे बुरे आलोचक भी ट्विटर पर बने रहेंगे, क्योंकि फ्री स्पीच का यही मतलब है..।’ मस्क का यह ट्वीट तेजी से वायरल हो रहा है।
44 अरब अमेरिकी डॉलर में हुई डील- पिछले सप्ताह मस्क ने कहा था कि उन्होंने 44 अरब अमेरिकी डॉलर में ट्विटर को खरीदने की पेशकश की है। उन्होंने इस कीमत को अपना अधिकतम और अंतिम प्रस्ताव बताया था। पिछले हफ्ते, उन्होंने अमेरिकी प्रतिभूति नियामकों के साथ दायर दस्तावेजों में कहा था कि पैसा मॉर्गन स्टेनली और अन्य बैंकों से आएगा, जिनमें से कुछ इलेक्ट्रिक कार निर्माता में उनकी बड़ी हिस्सेदारी से सुरक्षित हैं।
मस्क ट्विटर को क्यों खरीदना चाह रहे हैं- इलेक्ट्रिक कार दिग्गज टेस्ला के मुख्य कार्यकारी मस्क पिछले कुछ दिनों से ट्विटर के शेयरधारकों के साथ बैठक कर अपनी बोली के लिए समर्थन मांग रहे हैं। उन्होंने कहा है कि ट्विटर को विकसित होने और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के लिए एक वास्तविक मंच बनने के लिए निजी तौर पर लेने की जरूरत है।
I hope that even my worst critics remain on Twitter, because that is what free speech means
— Elon Musk (@elonmusk) April 25, 2022
पिछले सप्ताह मस्क ने शेयर बाजार को बताया था, ‘‘मैंने ट्विटर में निवेश किया, क्योंकि मैं दुनियाभर में मुक्त अभिव्यक्ति का एक बड़ा मंच बनने की इसकी क्षमता में विश्वास करता हूं और मेरा मानना है कि मुक्त अभिव्यक्ति कार्यशील लोकतंत्र के लिए एक सामाजिक अनिवार्यता है।’’















