पिछले वर्ष दिसम्बर में अचानक विदेश मंत्रालय को सूचना मिली कि एक युवक भटक कर पाकिस्तान पहुंच गया है, पाकिस्तान सरकार ने उसे गिरफ्तार कर कराची जेल में बंद कर दिया था…
पटना (ए)। बक्सर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के खिलाफतपुर का युवक छवि मुसहर जल्द ही अपने वतन लौटेगा। युवक को लाने के लिए जिला पुलिस की टीम निकल चुकी है। एसपी ने कहा कि जल्द ही छवि मुसहर को वापस उसके घर लाया जाएगा। इसके लिए आवश्यक कागजी कार्रवाई लगभग पूरी कर ली गई है। युवक के वापसी होने पर उसके परिजनों में भी खुशी होगी।
12 वर्ष पूर्व घर से गायब हुआ था युवक- मुफस्सिल थाना क्षेत्र के खिलाफतपुर गांव के छवि मुसहर करीब 12 वर्ष पूर्व अचानक अपने घर से गायब हो गया। परिजनों ने काफी खोजबीन की लेकिन वह नहीं मिला। परिजन उसे मृत समझ श्राद्ध कर्म भी कर चुके थे। पिछले वर्ष दिसम्बर में अचानक विदेश मंत्रालय को सूचना मिली कि एक युवक भटक कर पाकिस्तान पहुंच गया है। पाकिस्तान सरकार ने उसे गिरफ्तार कर कराची जेल में बंद कर दिया था।
अटारी बॉर्डर पर भारत को सौंपा गया गायब युवक- डीएम अमन समीर से मिली जानकारी के मुताबिक, युवक को पाकिस्तान सरकार के द्वारा अटारी बॉर्डर पर बीएसएफ को सौंपा गया था। बीएसएफ के द्वारा युवक को गुरुदासपुर डीएम को सौंपा गया। गुरुदासपुर डीएम ने सूचित किया। इसके बाद एसपी के निर्देश पर एक टीम युवक को लाने के लिए गुरुदासपुर के लिए निकल चुकी है।
बक्सर के एसपी नीरज कुमार सिंह ने कहा, ‘मुफस्सिल थाना के खिलाफतपुर गांव से गायब युवक छवि को लाने के लिए टीम को पंजाब भेजा गया है। आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे बक्सर लाया जाएगा। युवक को उसके परिजनों को सौंप दिया जाएगा।’















