BREAKING

देश-दुनियाफीचर्ड

यात्रियों से भरी ट्रेन में घोड़े को सफर कराना पड़ा भारी, आरपीएफ ने मालिक को गिरफ्तार

कोलकाता (ए)। एक खचाखच भरी ट्रेन में एक घोड़े के सफर की तस्वीरें सोशल मीडिया पर आने के बाद उसका मालिक मुश्किल में फंस गया है, आरपीएफ ने रेलवे अधिनियम के तहत उसे गिरफ्तार कर लिया है। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।  गफूर अली मुल्ला (40) के घोड़े ने एक थकानभरी दौड़ में हिस्सा लिया था। उसके बाद मुल्ला ने दक्षिण दुर्गापुर से 23 किलोमीटर नेत्रा तक अपने घोड़े को ट्रेन से ले जाने का निर्णय लिया था।

गुरुवार को एक ईएमयू लोकल ट्रेन के सामान ढुलाई संबंधी डिब्बे (वेंडर कंपार्टमेंट) में यात्रियों के बीच घोड़े के खड़े होने की तस्वीर सोशल मीडिया पर फैल गई। उसके बाद आरपीएफ अधिकारियों ने नेत्रा इलाके में घोड़े के मालिक का पता लगाया एवं स्थानीय पुलिस की मदद से शुक्रवार को उसे गिरफ्तार कर लिया।

पूर्व रेलवे के प्रवक्ता एकलव्य चक्रवर्ती ने कहा, ‘उसपर रेलवे संपदा में बेहूदा हरकत करने एवं ट्रेन में अनधिकृत रूप से जगह पर कब्जा करने को लेकर रेलवे अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।’

चक्रवर्ती ने कहा कि पशु यात्री डिब्बे सफर नहीं कर सकते और उसके लिए एक अलग डिब्बा बुक करानी होती है। उन्होंने यह भी कहा कि यह 40 वर्षीय व्यक्ति एवं उसका घोड़ा शाम को ट्रेन में सवार हुए थे जब डिब्बों में महिलाओं की सुरक्षा पर अधिक ध्यान दिया जाता है।

Related Posts