BREAKING

छत्तीसगढ़फीचर्ड

कुंडा को तहसील बनाने की घोषणा पर क्षेत्रवासियों ने मुख्यमंत्री का जताया आभार

रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से उनके निवास कार्यालय में पंडरिया विधायक ममता चन्द्राकर के नेतृत्व में कबीरधाम जिले के कुंडा क्षेत्रवासियों के प्रतिनिधिमंडल ने सौजन्य मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा विधानसभा के बजट सत्र में कुंडा को तहसील का दर्जा दिए जाने की घोषणा करने पर मुख्यमंत्री का आभार जताया। मुख्यमंत्री को क्षेत्रवासियों ने बताया कि कुंडा को तहसील बनाने की मांग लंबे समय से की जा रही थी। तहसील बन जाने से अब इस इलाके में शिक्षा, स्वास्थ्य, राजस्व कार्य आदि से सम्बंधित सुविधाओं तक लोगों की पहुंच और सुगम होगी। इस घोषणा से कुंडा क्षेत्र के निवासियों में हर्ष की लहर है। इस अवसर पर धनुक वर्मा, हरेंद्र चंद्राकर, अशोक चंद्राकर, रुपेंद्र वर्मा, कुलेश्वर चन्द्राकर, मनोहर चन्द्राकर सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री को चेट्रीचंड्र महोत्सव कार्यक्रम में शामिल होने का मिला आमंत्रण- मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से उनके निवास कार्यालय में छत्तीसगढ़ सिंधी कल्याण समिति के प्रतिनिधिमंडल ने सौजन्य मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री श्री बघेल को सिंधी समाज के आराध्य देव भगवान श्री झूलेलाल जी के जन्मोत्सव (चेट्रीचंड्र महोत्सव) के अवसर पर सिंधी समाज द्वारा निकाली जा रही शोभायात्रा के जयस्तम्भ चौक, रायपुर में स्वागत के कार्यक्रम में शामिल होने का आमन्त्रण दिया। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार शोभायात्रा 2 अप्रैल 2022 को रात्रि 8 बजे जयस्तम्भ चौक पहुंचेगी। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रतिनिधिमंडल को चेट्रीचंड्र महोत्सव की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए निमंत्रण हेतु आभार जताया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ सिंधी कल्याण समिति के अध्यक्ष आनंद कुकरेजा, आसुदाराम वाधवानी, राम गिडलानी, भरत बजाज, अमर परचानी, हीरानन्द दुल्हानी, अमर गिदवानी सहित अन्य सदस्यगण उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री को ‘‘गीतांजलि- छत्तीसगढ़ के झरोखों से’’ कार्यक्रम में शामिल होने का मिला न्योता- मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से उनके निवास कार्यालय में गीत वितान कला केंद्र, भिलाई के प्रतिनिधिमंडल ने सौजन्य मुलाक़ात की। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री श्री बघेल को गुरुदेव रविंद्रनाथ टैगोर की 161वीं जयंती के अवसर पर 8 मई को भिलाई के जयंती स्टेडियम परिसर में आयोजित ‘‘गीतांजलि- छत्तीसगढ़ के झरोखों से’’ कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होने का न्योता दिया।

मुख्यमंत्री को गीत वितान कला केंद्र, भिलाई के अध्यक्ष शुधेन्दु बागची ने बताया कि इस कार्यक्रम में पूरे भारत से 200 कलाकार एक मंच पर छत्तीसगढ़ी लोकगीत और रविन्द्र संगीत आधारित लोकगीतों की प्रस्तुति देंगे। इस प्रकार गुरुदेव टैगोर की जयंती के अवसर पर छत्तीसगढ़ और बंगाल की दो संस्कृतियों का संगम देखने को मिलेगा। पूरे छत्तीसगढ़ के बंगाली समाज के सदस्य इस कार्यक्रम से जुड़े हैं।

प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को गुरुदेव रविन्द्रनाथ टैगोर का छायाचित्र और बंगाली मिष्ठान्न रोसोगुल्ला भेंट किया। मुख्यमंत्री ने गीत वितान कला केंद्र, भिलाई के सदस्यों को कार्यक्रम के आयोजन की शुभकामनाएं और आमन्त्रण के लिए धन्यवाद दिया। इस अवसर पर सरसीज घोष, मिथुन दास, शिप्रा भौमिक सहित गीत वितान कला केंद्र, भिलाई के अनेक सदस्यगण उपस्थित थे।

Related Posts