ममता बनर्जी ने उन्हें आसनसोल लोकसभा सीट से अपना उम्मीदवार बनाया है. वर्ष 2014 और 2019 के लोकसभा चुनावों में इस सीट पर भारतीय जनता पार्टी ने जीत दर्ज की थी….
कोलकाता (ए)। पश्चिम बंगाल में होने वाले उपचुनावों के लिए भारतीय जनता पार्टी ने अपने उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया है. आसनसोल लोकसभा सीट पर अग्निमित्रा पॉल तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार शत्रुघ्न सिन्हा को चुनौती देंगी. वहीं, केया घोष को बालीगंज विधानसभा सीट से बाबुल सुप्रियो के मुकाबले मैदान में उतारा गया है।
भाजपा के सांसद व मंत्री रह चुके हैं बाबुल, शत्रुघ्न- बाबुल सुप्रियो और शत्रुघ्न सिन्हा दोनों भारतीय जनता पार्टी के सांसद रह चुके हैं. दोनों भारतीय जनता पार्टी की सरकार में केंद्रीय मंत्री भी रहे. शत्रुघ्न सिन्हा भाजपा छोड़ने के बाद कांग्रेस पार्टी में शामिल हुए थे. उन्होंने पटना साहिब से कांग्रेस के टिकट पर वर्ष 2019 का चुनाव लड़ा था और भाजपा के रविशंकर प्रसाद से हार गये थे।
आसनसोल में बिहारी बाबू का मुकाबला अग्निमित्रा से- अब बिहारी बाबू और शॉट गन के नाम से मशहूर अभिनेता और नेता शत्रुघ्न सिन्हा ममता बनर्जी की शरण में आ गये हैं. ममता बनर्जी ने उन्हें आसनसोल लोकसभा सीट से अपना उम्मीदवार बनाया है. वर्ष 2014 और 2019 के लोकसभा चुनावों में इस सीट पर भारतीय जनता पार्टी ने जीत दर्ज की थी. भाजपा के टिकट पर बाबुल सुप्रियो ने लगातार दो बार तृणमूल उम्मीदवार को हराया था।
बाबुल ने राजनीति से ले लिया था संन्यास- बाबुल सुप्रियो ने राजनीति से संन्यास लेने की बात कहकर सांसदी छोड़ी थी. उन्होंने बाद में भाजपा से भी नाता तोड़ लिया था. गीत-संगीत की दुनिया में लौटने की बात कहकर राजनीति से संन्यास लेने वाले बाबुल सुप्रियो ने कुछ ही दिनों बाद ममता बनर्जी का दामन थाम लिया था. अब ममता बनर्जी ने उन्हें बालीगंज से टिकट दिया है. हालांकि, बंगाल विधानसभा चुनाव में बाबुल सुप्रियो टालीगंज विधानसभा सीट पर बुरी तरह से पराजित हुए थे।
Agnimitra Paul & Keya Ghosh will be BJP candidates for Lok Sabha by-election from Asansol & Assembly by-election from Ballygunge, respectively.
Beby Kumari (Bochahan) & SN Kadam (Kolhapur North) will be party's candidates from Bihar & Maharashtra Assembly by-polls, respectively pic.twitter.com/PEava7J24T
— ANI (@ANI) March 18, 2022
बोचहां से बेबी कुमारी, कोल्हापुर उत्तर से एसएन कदम- उल्लेखनीय है कि भारतीय जनता पार्टी ने बिहार और महाराष्ट्र में होने वाले उपचुनावों के लिए भी अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है. बेबी कुमारी को बोचहां से टिकट दिया गया है, जबकि एसएन कदम को कोल्हापुर उत्तर से टिकट दिया गया है. ये दोनों विधानसभा का उपचुनाव लड़ रहे हैं।















