सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव स्वामी प्रसाद मौर्य के लिए अपनी करहल सीट को छोड़ सकते हैं. सियासी गलियारे में इसे लेकर चर्चाएं तेज हैं. आइए जानते हैं, इन चर्चाओं को बल कैसे और किसने दिया…
लखनऊ (ए)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव अपनी करहल सीट छोड़ सकते हैं. वह इस सीट से पूर्व मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य को उपचुनाव लड़वा सकते हैं. सियासी गलियारे में इसे लेकर काफी चर्चाएं हो रही हैं. इसकी वजह क्या है, आइए जानते हैं…
मौर्य समाज को सम्मान देने के लिए लिया फैसला
दरअसल, अखिलेश यादव की बेटी टीना यादव के नाम से चल रहे अकाउंट से एक ट्वीट किया गया. इस ट्वीट में कहा गया कि स्वामी प्रसाद मौर्य की अखिलेश यादव से मीटिंग चल रही है. अखिलेश अपनी विधानसभा सीट स्वामी प्रसाद मौर्य को देने पर विचार कर रहे हैं. पूरे यूपी के मौर्य समाज के सम्मान में वह यह फैसले लेने का सोच रहे हैं. टीना यादव का यह असली अकाउंट है या नही्, इसकी जानकारी नहीं हो पायी है।
लोकसभा चुनाव पर अखिलेश यादव का फोकस
स्वामी प्रसाद मौर्य को अखिलेश यादव अपनी सीट दे सकते हैं. इसकी वजह यह है कि वह इस समय आजमगढ़ से सांसद हैं. इस बार के चुनाव में समाजवादी पार्टी और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के गठबंधन ने आजमगढ़ में क्लीन स्वीप किया है. इसके अलावा, दूसरी वजह 2024 में होने वाला लोकसभा चुनाव भी है. अखिलेश यादव अपनी आजमगढ़ की सीट को बरकरार रखना चाहते हैं. उनकी पार्टी को पिछले लोकसभा चुनाव 2019 मे केवल पांच सीटें मिली थी।
बता दें, स्वामी प्रसाद मौर्य ने कुशीनगर की फाजिलनगर सीट से चुनाव लड़ा था, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा. उन्हें 71,015 वोट मिले, जबकि भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी सुरेंद्र कुमार कुशवाहा को 1,16,029 मत मिले. सुरेंद्र को 51.61 प्रतिशत और स्वामी प्रसाद मौर्य को 31.59 प्रतिशत मिले.
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 का परिणाम
- भारतीय जनता पार्टी- 255
- अपना दल (सोनेलाल)- 12
- निषाद पार्टी-6
- समाजवादी पार्टी- 111
- सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी- 6
- राष्ट्रीय लोकदल- 8
- कांग्रेस- 2
- बहुजन समाज पार्टी- 1
- जनसत्ता दल लोकतांत्रिक- 2















