बृजभूषण राजपूत बुंदेलखंड नव निर्माण सेना के संस्थापक भी हैं, जो कि बुंदेलखंड को अलग राज्य बनाने की मांग करता है, उनका कहना है कि बुंदेलखंड का विकास तभी होगा जब इसे अलग राज्य बनाया जाएगा…
लखनऊ (ए)। राजनीति में परिस्थितियां बदलती रहती हैं। तभी तो जिस आदमी ने कभी कांग्रेस पार्टी की अध्यक्षा सोनिया गांधी के लिए जान की कुर्बानी देने की ठान ली थी, उसी का बेटा आज भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर कांग्रेस को चुनौती दे रहा है। जी हां, हम बात कर रहे हैं चरखारी सीट से दांव आजमा रहे बृजभूषण राजपूत का, जो कि पूर्व सांसद गंगाचरण राजपूत के बेटे हैं। गंगाचरण वही शख्स हैं, जिन्होंने 2004 में सोनिया गांधी के प्रधानमंत्री नहीं बनने पर खुद के ऊपर पिस्टल तानते हुए गोली मारने की धमकी दी। उन्होंने अपनी कार के ऊपर से छलांग भी लगा दी थी।
आपको बता दें कि गंगाचरण राजपूत 2007 में पहले समाजवादी पार्टी में शामिल हुए। बाद उन्होंने भाजपा का दामन थाम लिया। जहां तक बृजभूषण राजपूत की बात है तो वह अक्सर अपने बयानों को लेकर सुर्खियों में बने रहते हैं। हालांकि, राजपूत अपने कार्यकाल में क्षेत्र में बड़े पैमाने पर विकास कार्य का दावा भी करते हैं। आपको बता दें कि वह चरखारी सीट से भाजपा विधायक हैं।
कांग्रेस दफ्तर में की थी तोड़फोड़- बृजभूषण राजपूत बुंदेलखंड नव निर्माण सेना के संस्थापक भी हैं, जो कि बुंदेलखंड को अलग राज्य बनाने की मांग करता है। उनका कहना है कि बुंदेलखंड का विकास तभी होगा जब इसे अलग राज्य बनाया जाएगा। उनकी बुंदेलखंड सेना उस समय कुख्यात हो गई थी जब उसके कार्यकर्ताओं ने 2014 के लोकसभा चुनाव से पहले लखनऊ में उत्तर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में तोड़फोड़ की थी।
समाजवादी पार्टी के साथ कांटे की टक्कर- महोबा जिले की चरखारी विधानसभा सीट पर इस चुनाव में भाजपा के मौजूदा विधायक बृजभूषण राजपूत और समाजवादी पार्टी के रामजीवन यादव के बीच सीधी टक्कर मानी जा रही है। आम आदमी पार्टी ने प्रेम नारायण राजपूत को इस सीट से उम्मीदवार बनाया था। कांग्रेस ने निर्दोश कुमार दीक्षित को चुनावी अखाड़े में उतारा था। आपको बता दें कि 20 फरवरी को इस सीट पर वोट डाले जा चुके हैं।















