पहले टी20 मैच में सात विकेट पर 157 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाया, जबकि भारत ने 18.5 ओवर में चार विकेट पर 162 रन बनाकर यह मैच जीत लिया…
कोलकाता (ए)। भारत ने तीन मैचों की टी20 सीरीज के पहले मैच में वेस्टइंडीज को 6 विकेट से हरा दिया है। वेस्ट इंडीज ने पहले खेलते हुए विकेटकीपर बल्लेबाज निकोलस पूरन के विस्फोटक अर्धशतक (61) की बदौलत पहले टी20 मैच में सात विकेट पर 157 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाया, जबकि भारत ने 18.5 ओवर में चार विकेट पर 162 रन बनाकर यह मैच जीत लिया। भारत की ओर से कप्तान रोहित शर्मा (40), आईपीएल के सबसे महंगे खिलाड़ी ईशान किशन (35), सूर्यकुमार यादव (नाबाद 34) और वेंकटेश अय्यर (नाबाद 24) ने बेहतरीन पारियां खेली। इस जीत के साथ टीम इंडिया ने तीन मैचों की टी20 सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली।
रोहित और किशन के बीच शानदार साझेदारी- रोहित और ईशान ने पहले विकेट के लिए 7.3 ओवर में 64 रन की धमाकेदार ओपनिंग साझेदारी की। रोहित ने मात्र 19 गेंदों में चार चौकों और तीन छक्कों की मदद से 40 रन की तूफानी पारी खेली। ईशान 42 गेंदों में 35 रन बनाकर आउट हुए, जबकि विराट कोहली 13 गेंदों में 17 रन बनाकर पवेलियन लौटे। ऋषभ पंत आठ रन बनाकर टीम के 114 के स्कोर पर आउट हुए।
चार विकेट 114 रन पर गिरने के बाद सूर्य और वेंकटेश ने पांचवें विकेट के लिए 48 रन की अविजित साझेदारी कर भारत को जीत की मंजिल पर पहुंचा दिया। सूर्य ने 18 गेंदों की अपनी पारी में पांच चौके और एक छक्का लगाया, जबकि वेंकटेश ने 13 गेंदों में दो चौके और मैच विजयी छक्का लगाया।
वेस्टइंडीज ने बनाया 157 रन- आईपीएल में महंगे दाम पर बिके विकेटकीपर बल्लेबाज निकोलस पूरन ने 61 रन की आक्रामक पारी खेलकर वेस्टइंडीज को संकट से निकालते हुए भारत के खिलाफ बुधवार को पहले टी20 मैच में सात विकेट पर 157 रन तक पहुंचाया। पूरन को सनराइजर्स हैदराबाद ने मेगा नीलामी में 10.75 करोड़ रूपये में खरीदा। उन्होंने 43 गेंद की अपनी पारी में पांच छक्के और चार चौके लगाए।
#TeamIndia seal a 6-wicket win 💪💪@Paytm #INDvWI pic.twitter.com/AoDdAjA2Lh
— BCCI (@BCCI) February 16, 2022
वेस्टइंडीज के तीसरे नंबर के बल्लेबाज ने पिछले आईपीएल में 85 रन ही बनाये थे और मौजूदा दौरे पर तीन वनडे में 18 , 9 और 34 रन ही बना सके । उन्होंने आते ही भुवनेश्वर कुमार को छक्का लगाकर अपने इरादे जाहिर कर दिये। भारतीय स्पिनर युजवेंद्र चहल और पहला टी20 खेल रहे रवि बिश्नोई ने तीन विकेट निकालकर वेस्टइंडीज के मध्यक्रम की कमर तोड़ दी लेकिन पूरन ने आखिरी पांच ओवर में 61 रन बनाकर अपनी टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया ।
बिश्नोई ने झटका 2 विकेट- फिट होकर लौटे कीरोन पोलार्ड ने 19 गेंद में दो चौकों और एक छक्के की मदद से नाबाद 24 रन बनाये । वह फिटनेस कारणों से आखिरी दो वनडे नहीं खेल सके थे। जोधपुर के गुगली गेंदबाज बिश्नोई ने अपने पदार्पण मैच को यादगार बनाते हुए चार ओवर में 17 रन देकर रोस्टन चेस (4) और रोवमैन पॉवेल (2) के विकेट लिए।
Venkatesh Iyer hits the winning runs for #TeamIndia as we win by 6 wickets.@Paytm #INDvWI pic.twitter.com/aaE7FUOR9J
— BCCI (@BCCI) February 16, 2022
भुवनेश्वर ने पहले ही ओवर में ब्रेंडन किंग (4) को आउट किया। काइल मायर्स ने पूरन के साथ पारी को संभाला और स्कोर एक विकेट पर 44 रन तक ले गए। इसके बाद भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने अपने सबसे अनुभवी स्पिनर चहल को गेंद सौंपी।
चहल पहली ही गेंद पर पूरन को आउट कर देते लेकिन बिश्नोई कैच लपकने में चूक गए। उस समय पूरन ने आठ ही रन बनाये थे। चहल ने मायर्स को आउट किया जिन्होंने डीआरएस भी लिया लेकिन फैसला गेंदबाज के पक्ष में ही रहा।















