आज उत्तर प्रदेश में दूसरे चरण की 55 सीटों और उत्तराखंड के साथ-साथ गोवा की सभी विधानसभा सीटों के लिए वोटिंग होगी….
नईदिल्ली (ए)। देश के पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव हो रहे हैं. उत्तर प्रदेश में 10 फरवरी को पहले चरण की वोटिंग हो गई है वहीं आज 14 फरवरी यानी सोमवार को दूसरे चरण का मतदान होगा. इसके अलावा गोवा और उत्तराखंड में भी चुनाव होने वाले हैं. आज की गई वोटिंग के साथ ही मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत और समाजवादी पार्टी के नेता आजम खान की किस्मत का फैसला होगा।
वहीं मतदान शुरू होने से पहले पीएम ने अपने एक ट्वीट में लोगों को लोकतंत्र के त्योहार की शुभकामनाएं देते हुए ज्यादा से ज्यादा वोट करने की अपील की है. उन्होंने कहा, ‘आज उत्तराखंड, गोवा और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में मतदान होगा. मैं उन सभी लोगों से आह्वान करता हूं जो आज मतदान करने के योग्य हैं और रिकॉर्ड संख्या में ऐसा करें और लोकतंत्र के त्योहार को मजबूत करें. ‘
तीनों राज्यों की कुल 165 सीटों पर होगी वोटिंग- आज उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) में दूसरे चरण की 55 सीटों और उत्तराखंड (Uttarakhand) के साथ-साथ गोवा की सभी विधानसभा सीटों के लिए वोटिंग होगी. आज होने वाले चुनावों में तीनों राज्यों की कुल 165 सीटों पर 1519 प्रत्याशी मैदान में हैं. जिसमें यूपी की 55 विधानसभा सीटों के 586 प्रत्याशी, उत्तराखंड के 70 सीटों पर 632 प्रत्याशी और गोवा के 40 सीटों पर 301 उम्मीदवार मैदान में हैं. यूपी में आज कुल 2.2 करोड़ वोटर्स अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे. वहीं गोवा में 11 लाख मतदाता और उत्तराखंड में 81,43,922 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
Polling will be held across Uttarakhand, Goa and in parts of Uttar Pradesh. I call upon all those whose are eligible to vote today to do so in record numbers and strengthen the festival of democracy.
— Narendra Modi (@narendramodi) February 14, 2022
यूपी की किन-किन सीटों पर मतदान- उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में नौ जिलों में वोटिंग होगी. यूपी में 7 चरणों में चुनाव होना है. दूसरे चरण में राज्य के नौ जिलों- सहारनपुर, बिजनौर, मुरादाबाद, सम्भल, रामपुर, अमरोहा, बदायूं, बरेली व शाहजहांपुर की 55 विधानसभा सीटों के लिए मतदान होगा।















