92 की उम्र में लता मंगेशकर ने इस दुनिया को अलविदा कह दिया है, बॉलीवुड के तमाम दिग्गज सेलेब्रिटी उन्हें सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि दे रहे हैं…
मुंबई (ए)। रविवार को देश की मशहूर गायिका और स्वर कोकिला लता मंगेशकर ने दुनिया को अलविदा कह दिया। उनके निधन का समाचार सुनते ही पूरा देश शोकाकुल हो गया। लता के निधन पर केंद्र सरकार ने दो दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित किया है। लता के निधन पर राजनीतिक हस्तियों से लेकर बॉलीवुड इंडस्ट्री से जुड़े दिग्गजों ने शोक व्यक्त किया है।
बॉलीवुड सेलेब्स ने लता के निधन पर जताया दुख- लता मंगेशकर ने रविवार को ब्रीच कैंडी अस्पताल में आखिरी सांस ली। लता मंगेशकर को कोविड और निमोनिया डिटेक्ट हुआ था और डॉक्टरों की एक टीम लगातार उनका इलाज कर रही थी। 92 की उम्र में लता मंगेशकर ने इस दुनिया को अलविदा कह दिया है। बॉलीवुड के तमाम दिग्गज सेलेब्रिटी उन्हें सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि दे रहे हैं। अक्षय कुमार, भूमि पेडनेकर और दिया मिर्जा जैसे सेलेब्स ने ट्वीट करके शोक जताया है।
आज शाम शिवाजी पार्क में अंतिम संस्कार- मिली जानकारी के अनुसार, सुर साम्राज्ञी लता मंगेशकर के पार्थिव शरीर को लगभग 12:30 बजे उनके आवास पर ले जाया जाएगा। पूरे राजकीय सम्मान के साथ आज शाम 6.30 बजे शिवाजी पार्क में अंतिम संस्कार किया जाएगा।
इंदौर में जन्मी लता के निधन पर मध्य प्रदेश में शोक की लहर- मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में जन्मी लता मंगेशकर के निधन पर यहां के दिग्गज नेताओं ने अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की है। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्टिवटर पर लिखा कि स्वर साम्राज्ञी, परम श्रद्धेय लता मंगेशकर जी के निधन से अन्तर्मन दुख, पीड़ा, शोक से व्यथित है। देश ही नहीं, समूचे विश्व ने एक ऐसी स्वर साधिका को खो दिया, जिन्होंने अपनी मधुर आवाज से जीवन में आनंद घोलने वाले असंख्य गीत दिए।
लता दीदी का तपस्वी जीवन स्वर साधना का अप्रतिम अध्याय है। उन्होंने आगे लिखा कि आपका जीवन हिंदी फिल्म जगत के साथ ही भारतीय संगीत की ऐसी अद्भुत यात्रा रही, जिसने कई पीढ़ियों को मानवीय संवेदनाओं को जीवंत करते गीत-संगीत से जोड़ा। फिल्म जगत के उद्भव से अत्याधुनिक युग में प्रवेश करने तक दीदी सहयोगी से संरक्षक तक की भूमिका में रहीं। आपका योगदान अविस्मरणीय रहेगा।
दो दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित
देश की सबसे लोकप्रिय संगीकार लता मंगेशकर के निधन से पूरे देश में शोक की लहर है। केंद्र सरकार ने उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए दो दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित किया है।
पीएम मोदी ने दी श्रद्धांजलि
पीएम नरेंद्र मोदी ने लता मंगेशकर के निधन पर शोक जताया है। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा, “लता दीदी के गानों ने कई तरह के इमोशन्स को उभारा। उन्होंने दशकों तक भारतीय फिल्म जगत के बदलावों को करीब से देखा। फिल्मों से परे, वह हमेशा भारत के विकास के बारे में भावुक थीं। वह हमेशा एक मजबूत और विकसित भारत देखना चाहती थी।”
राजनीतिक गलियारे से बॉलीवुड के दिग्गजों ने जताया शोक- लता मंगेशकर के निधन पर तमाम राजनीतिक और बॉलीवुड इंडस्ट्री के लोगों ने अपनी प्रतिक्रिया देनी शुरू कर दी है। शिवसेना सांसद संजय राउत ने ट्वीट करते हुए लिखा कि लता मंगेशकर हमेशा अमर रहेंगी। वहीं, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि आज मैं मुंबई आया था और दुख भरा समाचार सुना। संगीत की दुनिया में उनके योगदान को कोई भुला नहीं सकता। लता मंगेशकर के निधन के समाचार से बॉलीवुड इंडस्ट्री में शोक की लहर है। तमाम संगीतकारों ने उनके निधन को बड़ी क्षति बताया है।
अमित शाह, राहुल गांधी और सीएम योगी ने जताया दुख- लता मंगेशकर के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कांग्रेस नेता केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ और राहुल गांधी ने शोक जताया। योगी ने कहा कि उनका जाना अत्यंत दुखद है। कला जगत को अपूर्णीय क्षति हुई है। अमित शाह ने ट्वीट किया, मैं खुद को सौभाग्यशाली समझता हूं कि समय-समय पर मुझे लता दीदी का स्नेह और आशीर्वाद प्राप्त होता रहा। अपने अतुलनीय देशप्रेम, मधुर वाणी और सौम्यता से वो सदैव हमारे बीच रहेंगी। उनके परिजनों व असंख्य प्रशंसकों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करता हूँ।
वहीं, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने लिखा, “लता मंगेशकर जी के निधन का दुखद समाचार प्राप्त किया। वह कई दशकों तक भारत की सबसे प्रिय आवाज बनी रहीं। उनकी सुनहरी आवाज अमर है और उनके प्रशंसकों के दिलों में गूंजती रहेगी। उनके परिवार, दोस्तों और प्रशंसकों के प्रति मेरी संवेदनाएं।”
शिवसेना नेता संजय राउत ने ट्वीट कर दी थी जानकारी- रविवार को शिवसेना सांसद संजय राउत ने ट्वीट करते हुए जानकारी दी कि महान गायिका लता मंगेशकर का निधन हो गया है। डॉक्टरों ने इससे पहले शनिवार को जानकारी दी थी कि लता मंगेशकर को स्वास्थ्य स्थिर होने के बाद वेंटिलेटर से आईसीयू शिफ्ट किया गया था लेकिन अचानक बीते रोज उनकी सेहत बिगड़ने लगी, जिसके बाद उन्हें फिर वेंटिलेटर पर रखा गया था। रविवार सुबह उन्होंने अस्पताल में ही आखिरी सांस ली।















