रायपुर। वयं फाउंडेशन, रायपुर के सदस्य नया रायपुर में स्थित श्री सत्य साईं संजीवनी हॉस्पिटल में पहुँचे। उन्होंने दिल का इलाज कराने आये बच्चों के बारे में जानकारी हासिल की और उनके परिजनों से बातचीत करके उनका हाल जाना। सदस्यों ने सफल इलाज करा कर वापिस अपने घर जा रहे बच्चों को भेंट उपहार के साथ नव जीवन की शुभकामनाएं दीं। इस अस्पताल में दिल के मरीज बच्चों का मुफ्त में इलाज किया जाता है। इस अस्पताल की खास बात यह है कि इस यहाँ कैश काउंटर तक नहीं है।
वयं फाउंडेशन की अध्यक्ष आभा बघेल ने बताया कि नवरंगपुर से आईं पुष्पलता जी और उनके मात्र तीन दिन के बच्चे से मिलने का उनका अनुभव अनूठा रहा। मध्यप्रदेश और उत्तर प्रदेश से आये बच्चों और उनके परिजनों से बात करके यह समझ आया कि अपनी संतान को नई ज़िंदगी मिलने का सुख क्या होता है।
चार साल के नन्हे बालक आदर्श, बारह साल के रवि और अरविंद की फुर्ती और तत्परता को देखकर लग ही नहीं रहा था कि इन छोटे बच्चों का हाल ही में दिल का इलाज हुआ है । इनके परिजनों ने प्रबंधन की प्रशंसा करते हुए बताया कि इस अस्पताल के बारे में जानकारी देर से मिली लेकिन परिणाम संतुष्टिदायक और सुखद रहा। गिफ्ट हैम्पर्स, खिलौने, कॉपी-किताबें, चॉकलेट व अन्य शैक्षणिक उपहार पाकर सभी बच्चों के चेहरे खिल उठे।
अस्पताल प्रबंधन की ओर से फरज़ाना खातून ने बताया कि यहाँ लगभग 10 ऑपेरशन रोज ही होते हैं। भारत में मुफ्त इलाज की यह सुविधा मात्र तीन जगहों पर ही उपलब्ध है। अस्पताल के अन्य अधिकारियों से भेंट करके टीम ने व्यवस्था को समझा। इस मौके पर संस्था की ओर से अध्यक्ष आभा बघेल, हरप्रीत सिंह, रौनक दास, तनु बघेल व शाहनीला नजीम, छाया सिंह, डॉ. गार्गी पांडे उपस्थित रहे।












