BREAKING

Uncategorised

महात्मा गांधी सच्चाई के लिए सर्वस्व न्यौछावर करने वाले तपस्वी : सांसद राहुल गांधी

रायपुर। सांसद राहुल गांधी राजधानी रायपुर स्थित र्साइंस कॉलेज मैदान में सेवाग्राम स्थल में आयोजित गांधी विचार संगोष्ठी में भी शामिल हुए। उन्होंने छत्तीसगढ़ के नवा रायपुर में बनाए जा रहे सेवाग्राम के लिए बधाई दी और कहा कि यह बहुत अच्छी पहल है। हम इसके माध्यम से गांधी जी के विचारों को मूर्त रूप प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने गांधीवादी विचारक गोपालकृष्ण गांधी के विचारों का उद्धरण देते हुए कहा कि गांधी जी एक व्यक्ति नहीं तपस्वी थे। उन्होंने अपने पूरे जीवन तपस्या में व्यतीत की और उन्होंने सच्चाई के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया।

सांसद श्री गांधी ने कहा कि तपस्वी आमजनों को तपस्या करने का संदेश देते हैं, वे चाहते है कि लोग उनके बताए रास्ते में चले, उनका अनुसरण करें। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति सच्चाई के रास्ते पर चलता है उनके अंदर स्वतः त्याग, ईमानदारी की भावना जागृत होती है। जो व्यक्ति सच्चाई के रास्ते पर नहीं चलते, उनमें यह भावना नहीं होती।

राहुल गांधी ने कहा कि सच एक शब्द नहीं है, सच एक क्रिया है, हमें सौहार्द के साथ सही दिशा में आगे बढ़ना चाहिए, महात्मा गांधी जी का सपना सबके लिए आदर्श और अनुकूल समाज का निर्माण था। राहुल गांधी ने कहा कि नेतृत्व समाज और सत्ता के बीच का समन्वय है। एक ऐसे समाज का निर्माण जिसमें सभी वर्गों के लिए बराबरी, सम्मान और स्वाभिमान का स्थान हो।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने संगोष्ठी को सम्बोधित करते हुए कहा कि गांधी और गांधीवाद देश के लिए श्रेष्ठ निधि है। उन्होंने कहा कि भारत के बिना गांधी नहीं और गांधी के बिना भारत नहीं। श्री बघेल ने कहा कि टॉलस्टाय, फिनिक्स, साबरमती आश्रम एवं सेवाग्राम के बाद हमारे छत्तीसगढ़ में सेवाग्राम आश्रम की स्थापना की जा रही है।

उन्होंने कहा कि गांधी जी जो करते थे, वे सबके सहयोग से करते थे नवा रायपुर में जो सेवाग्राम बनाया जा रहा है, इसके लिए वर्धा स्थित पुराने सेवाग्राम ने 1.50 लाख रूपए की सहायता राशि दी है। मुख्यमंत्री ने सभी से सहयोग करने का आग्रह करते हुए कहा कि जिससे जैसा बन पड़े, वह नवा रायपुर सेवाग्राम बनाने के लिए सहयोग करें, भले ही एक रूपए का सहयोग क्यों न हो।

Related Posts