एनसीसी रैली में पीएम मोदी का लुक चर्चा का विषय बना हुआ है। पीएम इस कार्यक्रम में जब भाग लेने के लिए पहुंचे तो वो सिख लुक वाली हरे रंग की पगड़ी में नजर आए। इससे पहले पीएम मोदी गणतंत्र दिवस समारोह में उत्तराखंड की टोपी और मणिपुर के गमछे के साथ दिखे थे…
नईदिल्ली (ए)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एनसीसी के कार्यक्रम में गार्ड ऑफ ऑनर का निरीक्षण किया और मार्च पास्ट की समीक्षा की। उन्होंने कार्यक्रम के दौरान सर्वश्रेष्ठ कैडेटों को पदक से सम्मानित भी किया। पीएम ने इस दौरान कहा कि वो भी एक समय में एनसीसी में थे। उसके कैडेट थे। इसी इवेंट के दौरान खींची गई तस्वीरों में पीएम मोदी को हरी पगड़ी पहने हुए देखा जा सकता है।
इस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा- “मुझे गर्व है कि मैं भी एनसीसी का सक्रिय सदस्य था। हमारी सरकार एनसीसी को मजबूत करने के लिए कई कदम उठा रही है। रैली में बड़ी संख्या में बालिका कैडेटों ने भाग लिया, यह बदलाव आज भारत देख रहा है।”
पीएम ने आगे अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि अब देश में बेटियां, सैनिक स्कूलों में एडमिशन ले रही हैं और वहां पढ़ाई कर रही हैं। इसके साथ ही सेना में भी महिलाओं को बड़ी जिम्मेदारियां मिल रही हैं। उन्होंने आगे कहा कि एयरफोर्स में देश की बेटियां आज फाइटर प्लेन उड़ा रही हैं। ऐसे में हमारा प्रयास होना चाहिए कि एनसीसी में भी ज्यादा से ज्यादा बेटियां शामिल हों।
अपने संबोधन में पीएम ने आगे एनसीसी कैडेटों से नशे के खिलाफ लड़ने की भी अपील की। उन्होंने कहा- “नशा हमारी युवा पीढ़ी को कितना बर्बाद करता है, ये आप भली-भांती जानते हैं। इसलिए जिस स्कूल-कॉलेज में एनसीसी-एनएसएस हो, वहां ड्रग्स कैसे पहुंच सकती है। आप कैडेट के तौर पर खुद ड्रग्स से मुक्त रहें, साथ ही अपने कैम्पस को ड्रग्स से मुक्त करें”।
प्रसिद्ध कवि माखनलाल चतुर्वेदी की इन पंक्तियों के साथ मां भारती भी आज भारत के युवाओं से यही आह्वान कर रही है… pic.twitter.com/gP2XJzX6Ev
— Narendra Modi (@narendramodi) January 28, 2022
पीएम मोदी, जिस कार्यक्रम में जाते हैं, वहां उनका लुक एक अलग ही अंदाज बयां करता है। पगड़ी से लेकर उनके ड्रेस तक हमेशा से आकर्षण के केंद्र रह हैं। अभी गणतंत्र दिवस के दिन उत्तराखंड की टोपी और मणिपुर का गमछा और आज सिखों की पगड़ी को लोग आने वाले विधानसभा चुनावों से भी जोड़कर देख रहे हैं। पंजाब, उत्तराखंड और मणिपुर में कुछ दिनों में ही विधानसभा चुनाव होने हैं।















