डेढ़ महीना गुजर जाने के बाद भी सरकार ने इस पर कोई निर्णय नहीं लिया है, सेना प्रमुख नरवणे का कार्यकाल 30 अप्रैल तक है…
नईदिल्ली (ए)। नये चीफ आफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) की नियुक्ति में हो रही देरी को लेकर माना जा रहा है कि सेना प्रमुख जनरल मनोज मुकुंद नरवणे को नया सीडीएस बनाया जा सकता है। हालांकि नरवणे का कार्यकाल पूरा होने में अभी तीन महीने का समय शेष है तो कयास लगाए जा रहे हैं कि नए सीडीएस की नियुक्त का ऐलान अप्रैल में हो सकता है।
देश के पहले सीडीएस बिपिन रावत की पिछले महीने हादसे में मृत्यु के बाद से ही नये सीडीएस की नियुक्ति को लेकर अटकलें तेज थी। लेकिन करीब डेढ़ महीना गुजर जाने के बाद भी सरकार ने इस पर कोई निर्णय नहीं लिया है। सेना प्रमुख नरवणे का कार्यकाल 30 अप्रैल तक है। सरकार कार्यकाल पूरा होने से पूर्व उन्हें अगला सीडीएस नियुक्त कर सकती है। नरवणे अभी वरिष्ठत जनरल हैं तथा वह तीनों सेनाओं के प्रमुखों की कमेटी के अध्यक्ष भी हैं।
सरकार के पास हैं विकल्प
सूत्रों का कहना है कि सेवारत जनरल और उसके समकक्ष अधिकारी को सीडीएस नियुक्त किया जा सकता है। जिसमें नौसेना एवं वायुसेना के प्रमुख आते हैं। लेकिन लेफ्टिनेंट जनरल जो जनरल पद पर प्रोन्नत होने की पूरी क्षमताएं रखता हो, उसे भी सीडीएस नियुक्त किया जा सकता है।
यानी सरकार के पास अनेक विकल्प अभी मौजूद हैं, लेकिन अब तक किसी विकल्प का इस्तेमाल नहीं किया है। इससे जरनल नरवणे की नियुक्ति की संभावनाएं ज्यादा व्यक्त की जा रही हैं।
दरअसल, यह माना जा रहा है कि सेना प्रमुख को कार्यकाल पूरा करने के बाद सरकार सीडीएस नियुक्त करने के पक्ष में है। बता दें कि जनरल बिपिन रावत को भी कार्यकाल पूरा होने के बाद ही सीडीएस नियुक्त किया गया था।















