नईदिल्ली (ए)। भारतीय टेनिस स्टार सानिया मिर्जा ने बुधवार को घोषणा की कि 2022 उनका अंतिम सीजन होगा क्योंकि उनका शरीर ‘थक रहा’ है और उनके अंदर प्रत्येक दिन के दबाव के लिए ऊर्जा और प्रेरणा अब पहले जैसी नहीं है। 35 साल की सानिया ने मार्च 2019 में बेटे के जन्म के बाद टेनिस में वापसी की थी लेकिन कोरोना वायरस महामारी उनकी प्रगति के आड़े आ गई। सानिया ने अपनी जोड़ीदार नादिया किचनोक के साथ ऑस्ट्रेलियन ओपन के महिला युगल के पहले दौर में हारने के बाद संन्यास की यह घोषणा की।
सानिया ने मैच के बाद प्रेस कांफ्रेंस में कहा, ‘इसके लिए काफी सारे कारण हैं। यह इतना सरल नहीं है कि ‘ओके अब मैं खेलूंगी नहीं’। मुझे महसूस हो रहा है कि मुझे उबरने में लंबा समय लग रहा है। मुझे महसूस होता है कि मेरा बेटा अभी तीन साल का है और मैं उसके साथ इतनी यात्रा करके उसे जोखिम में डाल रही हूं, और यह ऐसी चीज है जिसका मुझे ध्यान रखना होगा।’
उन्होंने कहा, ‘मेरा शरीर भी अब कमजोर हो रहा है। आज मेरे घुटने में सचमुच काफी दर्द हो रहा है। मैं यह नहीं कह रही हूं कि इसके कारण ही हम हारे, लेकिन मुझे ऐसा लगता है कि मुझे उबरने में थोड़ा समय लग रहा है क्योंकि मेरी उम्र बढ़ रही है।’
We won't see Sania Mirza play tennis after this season 🙁
— ESPN India (@ESPNIndia) January 19, 2022
19 साल पहले किया था डेब्यू- सानिया ने 2003 में प्रोफेशनल करियर की शुरुआत की थी। तब से वह लगातार टेनिस खेल रही हैं। वह डबल्स में नंबर-1 भी रह चुकी हैं। साथ ही वह वुमेंस सिंगल्स में टॉप 100 में पहुंचने वाली एकमात्र भारतीय महिला खिलाड़ी हैं।
डबल्स में 6 बार ग्रैंड स्लैम टाइटल जीत चुकी हैं- डबल्स में पूर्व वर्ल्ड नंबर वन सानिया 6 बार ग्रैंड स्लैम खिताब जीत चुकी हैं।















