BREAKING

दुर्ग-भिलाईफीचर्ड

फर्जी अधिकारी बनकर केस में फंसाने के नाम पर एमपी की सेनेटाईजर गाड़ी लूटने वाला गिरोह चढ़ा पुलिस के हत्थे

भिलाई। प्रार्थी नदीम खान पिता रफीक खान निवासी खजराना 19 शाहीबाग गली 02 इंदौर (म.प्र.), दिनांक 15.01.2022 को अपने साथी चालक तबरेज खान के साथ अपनी वाहन बोलेरो पिकअप क. एम.पी. 09 जी.जी. 2058 में 157 पेटी सेनेटाईजर बिकी हेतु इंदौर से निकलकर दुर्ग भिलाई में मेडीकल की दुकानों में डिलीवरी करने आये थे।

शाम को साढे सात बजे करीब जब प्रार्थी अपने गाड़ी के साथ नेहरू नगर में माल डिलीवरी कर रहा था तभी उसे फोन आया कि मै मेडीकल स्टोर्स वाला बोल रहा हूं। तुम लोग नेहरू चौक आ जाओ मै अपना माल वही से ले लूंगा।

जब प्रार्थी अपनी गाड़ी लेकर नेहरू नगर चौक पहुंचा तब मोटर सायकलो में चार आदमी आये और प्रार्थी की गाड़ी को रोक लिये और गाडी से नीचे उतरने बोले और कहने लगे कि हम प्रेस वाले है तुम लोगो ने फर्जी माल रखा है। सामान का कागजात दिखाओं कहकर धमकाते हुये प्रार्थी व उनके साथी को धक्का मुक्की हाथापाई कर गाली गलौज करने लगे और पैसे की मांग करने लगे।

जब प्रार्थी द्वारा विरोध किया तो गाड़ी की तालाशी लेने लगे और गाडी के सीट के पीछे रखा बिल एवं सैनेटाईजर बिक्री के कलेक्शन का कुल रकम 48,000 रूपये निकाल लिये और वहां से अपने गाडियों में बैठकर भाग गये। प्रार्थी की रिपोर्ट पर
थाना सुपेला में अपराध कमांक 37/2022 धारा 394, 34 भादवि कायम कर विवेचना में लिया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बी.एन.मीणा के निर्देशन एवं अति. पुलिस अधीक्षक शहर संजय ध्रुव तथा नगर पुलिस अधीक्षक भिलाई नगर आर.के.जोशी के मार्गदर्शन में थाना सुपेला द्वारा मुखबीर सूचना के आधार पर (1) योगेश्वर मानिकपुरी निवासी रामनगर आजाद चौक, (2) टामेन्द्र सिन्हा निवासी डिपरापारा पोटिया रोड दुर्ग, (3) कृपाचंद सोनवानी निवासी भिलाई-3, (4) तामेश्वर तिवारी निवासी कातुलबोर्ड हरी नगर दुर्ग को मामले में गिरफ्तार किया गया।

उनसे लूट की रकम, तीन मोटर सायकले एवं अन्य सामाग्री बरामद की गई है। इस गिरोह के मास्टर माइंड योगेश्वर मानिकपुरी के दो कार्डलेस वाकी-टॉकी, अलग-अलग मीडिया संस्थानों के परिचय पत्र, माईक आईडी खाकी वर्दी आदि मिले है।

आरोपीगणो को आज दिनांक 17.01.2022 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया। इस महत्वपूर्ण कार्यवाही में थाना प्रभारी सुपेला निरीक्षक सुरेश ध्रुव, उप निरी. लखेश गंगेश, सउनि रजनीकांत दीवान, प्र.आर. संतोष शर्मा, आर. रवि कुमार, विशाल सिंह, कपिल चौधरी, सुरेन्द्र गिरी, रजनीश तिवारी का विशेष योगदान रहा।

Related Posts