BREAKING

Uncategorised

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से परिवीक्षाधीन आईपीएस अधिकारियों ने की सौजन्य मुलाकात

रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से उनके निवास कार्यालय में छत्तीसगढ़ कैडर के आर.आर.-73 बैच के परिवीक्षाधीन भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारियों ने सौजन्य मुलाकात की। मुख्यमंत्री श्री बघेल ने सभी परिवीक्षाधीन अधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं और उनसे उनके गृह राज्य, शैक्षणिक पृष्ठभूमि के संबंध में जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से उनके गृह राज्य में शासकीय योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन में आ रही समस्याओं के संबंध में भी चर्चा की।

मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने परिवीक्षाधीन आईपीएस अधिकारियों से कहा कि विकास के लिए सामाजिक न्याय के साथ ही साथ सभी वर्गों का आर्थिक सशक्तिकरण भी जरूरी है।  डीएसपी ट्रेनिंग पुलिस हेडक्वार्टर श्री राजू गुप्ता ने मुख्यमंत्री को बताया कि 17 जनवरी से परिवीक्षाधीन आईपीएस अधिकारी राबिन्सन गुरिया, बैंकर वैभव, राजनाला स्मू्रतनिक, पूजा कुमार, विकास कुमार, मयंक गुर्जर, संदीप पटेल, प्रभात कुमार की पदस्थापना जिलों में की जाएगी।

मुख्यमंत्री श्री बघेल ने सभी अधिकारियों का मुंह मीठा कराकर उन्हें पहली पदस्थापना और नवीन दायित्वों के लिए शुभकामनाएं दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि आईपीएस अधिकारी के जीवन में ट्रेनिंग की अवधि और प्रथम पदस्थापना अविस्मरणीय होती है। उन्होंने अधिकारियों को ट्रेनिंग के दौरान बतायी गई बातों और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन का उपयोग करने और जनता को बेहतर सेवा उपलब्ध कराने की बात कही।

मुख्यमंत्री ने भारतीय सेना के जवानों को सेना दिवस पर शुभकामनाएं दी- मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भारतीय सेना के जवानों, अधिकारियों सहित सभी देशवासियों को 15 जनवरी को सेना दिवस के अवसर पर बधाई और शुभकामनाएं दी है। मुख्यमंत्री ने अपने शुभकामना संदेश में कहा है कि शांति, युद्धकाल और संकट के समय में जवान हमारी सुरक्षा, राहत और बचाव का कार्य करते हैं। अपने अदम्य साहस और वीरता से माँ भारती की रक्षा में सदैव समर्पित वीर सपूतों का पूरा देश  अभिनंदन करता है। उन्होंने कहा है कि भारतीय सेना के अमूल्य योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उनकी निःस्वार्थ सेवा के लिए हम सब सेना के जवानों के सदैव ऋणी रहेंगे।

Related Posts