भिलाई। नगरीय निकाय चुनाव 2021 के अंतर्गत भिलाई नगर निगम में चुनाव प्रचार जोरों पर है। इसी क्रम में आज श्रीराम जन्मोत्सव समिति के युवा शाखा अध्यक्ष मनीष पाण्डेय ने खुर्सीपार क्षेत्र के वार्डों में पहुंचकर भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार किया। श्री पाण्डेय ने इण्डस्ट्रियल एरिया, गौतम नगर, राधाकृष्ण मंदिर,स्मृति नगर, सोनिया गांधी नगर, शास्त्री नगर आदि वार्डों में आमजनों से भेंटकर समर्थन मांगते हुए भिलाई में विकास का कमल खिलाने का आव्हान किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेसियों को नगर निगम में 5 वर्षों में किये गये 5 काम बताने की खुली चुनौती दी।
श्री पाण्डेय ने आज खुर्सीपार क्षेत्र के वार्ड 41 इण्डस्ट्रियल एरिया में वीणा चंद्राकर, वार्ड 42 गौतम नगर में श्याम बहादुर सिंह (विनोद सिंह), वार्ड 47 राधाकृष्ण मंदिर में लाल बाबू सोनी, वार्ड 38 सोनिया गांधी नगर में पीयूष मिश्रा, वार्ड 27 लक्ष्मी साहू एवं वार्ड 2 स्मृति नगर में मुकेश अग्रवाल के पक्ष में चुनाव प्रचार करते हुए आमजनों से भेंट की। इस दौरान बड़ी संख्या में आमजनों ने भी इस चुनावी रैली में सहभागिता देते हुए भाजपा को खुलकर अपना समर्थन दिया। लोगों ने स्वस्फूर्त होकर यह स्वीकार किया कि भाजपा ही विकास का पर्याय है और भिलाई के विकास के लिए नगर निगम में भाजपा की सरकार आना जरूरी है।
इस दौरान श्री पाण्डेय ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि आज भिलाई में जो भी विकास हुआ है वह केवल भारतीय जनता पार्टी की वजह से हुआ है। यहां हर छोटे से बड़े कार्यों की नींव भाजपा द्वारा रखी गई है जिनका श्रेय लेकर विकास विरोधी कांग्रेस लगातार लोगों को छल रही है। लेकिन इस बार कांग्रेस को धूल चटाने का मन भिलाई की जनता ने बना लिया है। उन्होंने कहा कि भिलाई में इस बार विकास का कमल खिलेगा।
कांग्रेस में सिर्फ गांधी परिवार की जय
श्री पाण्डेय ने सभा के दौरान कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि इस पार्टी में केवल एक परिवार की ही जय होती है। इंदिरा गांधी की जय, सोनिया गांधी की जय, राहुल गांधी की जय लेकिन भारत माता की जय और जय श्रीराम कहने वाला कोई नहीं होता। यह केवल एक ही राजनीतिक दल कहता है और वह है भारतीय जनता पार्टी, जिसके लिए देश और संस्कृति सर्वोपरि है।















