BREAKING

देश-दुनियाफीचर्ड

त्रिपुरा में भाजपा को मिली एक तरफा जीत के बाद जाने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह ने क्या कहा

पीएम के अलावा गृह मंत्री अमित शाह और बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी बड़ी जीत पर सीएम विप्लब देव और कार्यकर्ताओं को बधाई दी….

नईदिल्ली (ए)। त्रिपुरा के निकाय चुनावों में भारतीय जनता पार्टी को शानदार जीत हासिल हुई है. पार्टी ने 334 में से 329 सीटों पर कब्ज़ा जमाया है. पार्टी की इस बंपर जीते के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और बीजेपी के अध्यक्ष जेपी नड्डा ने त्रिपुरा के सीएम विप्लब देव और कार्यकर्ताओं को बधाई दी है।

त्रिपुरा निकाय चुनाव में बंपर जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीजेपी को बधाई दी है. उन्होंने कहा कि त्रिपुरा के लोगों ने साफ कर दिया है कि वो राजनीति की बजाय गुड गवर्नेंस को तरजीह देते हैं. उन्होंने कहा कि ऐसी दुआओं से हमें त्रिपुरा के हर व्यक्ति के लिए काम करने की और ताकत मिलती है।

पीएम के अलावा गृह मंत्री अमित शाह और बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी बड़ी जीत पर सीएम विप्लब देव और कार्यकर्ताओं को बधाई दी. अमित शाह ने कहा कि मैं त्रिपुरा के लोगों को ये भरोसा दिलाना चाहता हूं कि पीएम नरेंद्र मोदी की मार्गदर्शन में हम राज्य के लोगों के लिए कल्याणकारी कार्य जारी रखेंगे।

कितनी सीटें जीती है बीजेपी?

त्रिपुरा में बीजेपी ने ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस और वाम दलों को पछाड़ते हुए अगरतला नगर निगम और 13 अन्य निकायों में शानदार प्रदर्शन किया. इन निकायों में बीजेपी ने 334 सीटों में से 329 सीटों पर जीत दर्ज की है. पूर्वोत्तर राज्य में 2018 में सत्ता में आने के बाद पहला निकाय चुनाव लड़ रही बीजेपी को इन चुनावों में विपक्ष से एक कमजोर चुनौती मिली।

51 सदस्यीय अगरतला नगर निगम के किसी भी वार्ड से विपक्ष का कोई भी उम्मीदवार नहीं जीत सका. ये सभी सीटें बीजेपी के खाते में गईं. राज्य चुनाव आयोग ने बताया कि बीजेपी ने 15 सदस्यीय खोवाई नगर परिषद, 17 सदस्यीय बेलोनिया नगर परिषद, 15 सदस्यीय कुमारघाट नगर परिषद और नौ सदस्यीय सबरूम नगर पंचायत के सभी वार्डों पर कब्जा कर लिया. उन्होंने बताया कि पार्टी ने 25 वार्ड वाली धर्मनगर नगर परिषद, 15 सदस्यीय तेलियामुरा नगर परिषद और 13 सदस्यीय अमरपुर नगर पंचायत में भी जीत दर्ज की।

सोनमुरा नगर पंचायत और मेलाघर नगर पंचायत विपक्ष के बिना होगा क्योंकि बीजेपी ने सभी 13 सीटों पर जीत हासिल की है. इसने 11 सदस्यीय जिरानिया नगर पंचायत में भी जीत हासिल की है. बीजेपी ने अंबासा नगर परिषद की 12 सीटें हासिल कीं, जबकि टीएमसी और माकपा ने एक-एक सीट जीती और एक सीट पर एक निर्दलीय उम्मीदवार ने जीत दर्ज की. बीजेपी ने कैलाशहर नगर परिषद की 16 सीटों पर भी जीत हासिल की और माकपा को एक सीट मिली. पानीसागर नगर पंचायत में, बीजेपी 12 सीटों पर विजयी हुई और माकपा ने एक पर जीत हासिल की।

बीजेपी ने खोवाई नगर परिषद के सात वार्ड, धर्मनगर नगर पालिका का एक, मेलाघर नगर परिषद के दो और जिरानिया के 10 वार्डों में निर्विरोध जीत हासिल की. इसने रानिरबाजार, विशाल गंज, मोहनपुर, कमालपुर, उदयपुर और शांतिरबाजार के नगर निकायों को बिना किसी मुकाबले के जीत लिया, जिनमें कुल 92 वार्ड हैं।

Related Posts