BREAKING

देश-दुनियाफीचर्ड

पीएम मोदी आज 5वीं बार केदारनाथ धाम के लिए हुए रवाना, 400 करोड़ की परियोजनाओं की देंगे सौगात, देश को करेंगे संबोधित

पीएम मोदी आज 5वीं बार केदारनाथ धाम के लिए हुए रवाना, 400 करोड़ की परियोजनाओं की देंगे सौगात, देश को करेंगे संबोधित

नईदिल्ली (ए)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच केदारनाथ धाम जाएंगे जहां वे आदि गुरु शंकराचार्य की प्रतिमा का अनावरण करेंगे. केदारनाथ में शंकराचार्य की 12 फीट लंबी और 35 टन वजन वाली प्रतिमा लगाई गई है. इसके अलावा प्रधानमंत्री 2013 की प्राकृतिक आपदा में क्षतिग्रस्त हुए शंकराचार्य के समाधि स्थल का लोकार्पण भी करेंगे. बाबा केदार के दर्शन करने के साथ ही मोदी केदारनाथ में 400 करोड़ रुपये से अधिक के कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास भी करेंगे।

प्रधानमंत्री के आगमन से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए बुधवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केदारनाथ का दौरा किया था. इस दौरान, उन्होंने देवस्थानम बोर्ड को भंग करने की मांग कर रहे तीर्थ पुरोहितों और पंडा समाज के प्रतिनिधियों से भी वार्ता की. धामी ने कहा कि सभी प्रधानमंत्री का स्वागत करने के लिए तैयार हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वह प्रधानमंत्री के आगमन से पहले तैयारियां देखने आए थे और सभी तैयारियां बेहतर हैं. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की बाबा केदार के प्रति विशेष आस्था और श्रद्धा है और उनका उत्तराखंड को दुनिया की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक राजधानी के तौर पर विकसित करने का ‘विजन’ है जहां पूरी दुनिया के लोग आध्यात्मिक शांति के लिए आएंगे।

धामी ने कहा, ‘आधुनिक इतिहास में पहली बार इतने बड़े पैमाने पर केदारनाथ धाम का पुनर्निर्माण किया जा रहा है. सरस्वती घाट और आस्था पथ के निर्माण जैसे पहले चरण के काम हो चुके हैं जबकि दूसरे चरण के काम शुरू हो रहे हैं. पीएम मोदी के इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया जाएगा और देशभर के शिवालय, ज्योर्तिलिंग, शंकराचार्य के मठ इस दौरान केदारनाथ से सीधे जुड़े रहेंगे।’

12 ज्योतिर्लिंग समेत कुल 87 मंदिरों पर बीजेपी के बड़े नेता रहेंगे मौजूद

इस ऐतिहासिक अवसर को यादगार बनाने के लिए बीजेपी ने एक राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम की योजना बनाई है और चार धामों, 12 ज्योतिर्लिंगों और प्रमुख मंदिरों, कुल मिलाकर 87 मंदिरों पर साधुओं, भक्तों और आम लोगों को आमंत्रित किया है. ये सभी मंदिर श्री आदि शंकराचार्य द्वारा अपनी यात्रा के दौरान लिए गए मार्ग पर पूरे देश में स्थापित हैं. श्री आदि शंकराचार्य के केदारनाथ पहुंचने के मार्ग में सभी 87 मंदिरों में प्रमुख बीजेपी नेता मौजूद रहेंगे।

देश को संबोधित भी करेंगे पीएम मोदी

पीएम मोदी सुबह 6.40 बजे देहरादून से केदारनाथ धाम के लिए रवाना होंगे. सुबह 7.35 बजे हेलिकॉप्टर से केदारनाथ पहुंचेंगे. 8 बजे से 8.30 बजे तक प्रधानमंत्री मोदी मंदिर में पूजा करेंगे. पूजा करने के बाद निर्माण कार्यों का जायज़ा लेते हुए सुबह 9.40 बजे आदि शंकराचार्या की समाधि स्थल पर पहुंचेंगे, जहां समाधि का उद्घाटन और आदि शंकराचार्या की प्रतिमा का अनावरण करेंगे. 9.50 के आसपास प्रधानमंत्री मोदी देश को संबोधित करेंगे।

Related Posts