BREAKING

दुर्ग-भिलाईफीचर्ड

एयरमैन सलेक्शन के लिए हुए सेमीनार में कलेक्टर ने कहा- सबसे नोबल करियर में से एक है एयरफोर्स, इस ओर आगे बढ़ने देंगे हर संभव मदद

दुर्ग। एयरफोर्स में करियर कैसे बनाएं। यहां नियुक्ति के लिए किस तरह के अवसर हैं और इनमें कैसे भाग लिया जा सकता है। छात्र-छात्राओं को इसकी जानकारी देने के लिए आज भोपाल से एयरफोर्स की टीम पहुंची। खालसा स्कूल में ओरिएंटेशन प्रोग्राम रखा गया। इस मौके पर अपने संबोधन में कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे ने कहा कि आपके सामने उपलब्ध सबसे अच्छे प्रोफेशन में से एक एयरफोर्स है। हर बच्चे के मन में उड़ान भरने की इच्छा होती है। देश की सेवा एयरफोर्स के माध्यम से करना, यह करियर के सबसे अच्छे विकल्पों में से एक हो सकता है। कार्यशाला में 500 बच्चों ने हिस्सा लिया।

बच्चों से कलेक्टर ने कार्यशाला में सीखी बातों के बारे में प्रश्न भी पूछे। बच्चों ने बताया कि यह सेशन बहुत अच्छा रहा। इस तरह के और भी कार्यक्रम हो तो हमारी जागरूकता और बढ़ेगी। इस मौके पर अपर कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना, जिला शिक्षा अधिकारी प्रवास सिंह बघेल एवं उपसंचालक जनशक्ति नियोजन राजकुमार कुर्रे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

मोटिवेशनल स्पीकर आएंगे और करियर ओरिएंटेशन पर करेंगे काम– कलेक्टर ने इस मौके पर कहा कि करियर के क्षेत्र में और मोटिवेशन के क्षेत्र में कार्य करने वाले विशेषज्ञों के सेमीनार के माध्यम से बच्चों का ओरिएंटेशन किया जाएगा। जिला प्रशासन दसवीं और बारहवीं के बाद उपलब्ध करियर आप्शन और इसे प्राप्त करने के उपायों के संबंध में एक किताब भी प्रकाशित करेगा। करियर के लिए सलाह देने हर स्कूल में काउंसलर रहेंगे जो बच्चों को इस संबंध में उनकी रुचि और एकेडमिक करियर के मुताबिक सलाह देंगे।

करियर का सबसे महत्वपूर्ण फंडा भी बताया- कलेक्टर ने बच्चों को कहा कि करियर का सबसे महत्वपूर्ण फंडा यह है कि अपने सिलेबस को सबसे बेहतर तरीके से पढ़ें। उन्होंने कहा कि सिलेबस इस तरह से डिजाइन किया जाता है कि सबसे महत्वपूर्ण तथ्यों और विचारों की जानकारी बच्चों तक मिल सके। सामान्यतः प्रतियोगी परीक्षाओं में सामान्य जागरूकता से संबंधित विषय आते हैं और प्रायः हायर सेकेंडरी तक इनमें से अधिकांश हमने पढ़ा होता है इसलिए सिलेबस को अच्छे से पढ़ने से बहुत बेहतर करियर प्राप्त करने की दिशा में सहयोग मिलता है।

Related Posts