मुंबई (ए)। एक्ट्रेस शीबा आकाशदीप 90 के दशक में एक जाना-पहचाना नाम रह चुकी हैं। उन्होंने उस दौर के बड़े कलाकारों के अपोजिट काम किया। इनमें सलमान खान, सुनील शेट्टी और सैफ अली खान सहित अन्य हैं। हालांकि जल्द ही वह फिल्मों से दूर हो गईं। आजकल शीबा कहां हैं और क्या कर रही हैं चलिए बताते हैं।
शीबा ने अपनी पहली फिल्म तमिल में ‘अतिसया पिरावी’ की थी। 1991 में उन्होंने हिंदी फिल्म ‘ये आग कब बुझेगी’ से बॉलीवुड में डेब्यू किया।शीबा जब 16 साल की थीं तब उन्होंने ‘ये आग कब बुझेगी’ साइन की थी। इस फिल्म का निर्देशन सुनील दत्त ने किया था। उस वक्त वह 10वीं में पढ़ती थीं।
अपने पुराने दिनों को याद करते हुए शीबा ने हमारे सहयोगी हिन्दुस्तान टाइम्स से बात करते हुए कहा, ‘उस वक्त मैं पहले ही दुबई में मॉडलिंग कर रही थी। यह पार्ट टाइम जॉब की तरह था।‘ ‘मुझे सुनील जी ने देखा और साइन कर लिया। उस वक्त मैंने सोचा था कि फिल्म खत्म करके वापस अपनी पढ़ाई में लग जाऊंगी। जबकि सुनील जी निश्चित थे कि मैं ऐसा कुछ भी नहीं करने जा रही।‘ इसके बाद शीबा ने ‘मिस्टर बॉन्ड’, ‘सूर्यवंशी’ और ‘हम हैं कमाल के’ जैसी फिल्में कीं।
शीबा ने आगे कहा कि ‘जिंदगी आसान थी, बेहतर थी, यह पर्सनल नेटवर्किंग और रिश्ते के बारे में था। काम को लेकर बहुत कैजुअल अप्रोच था। हर चीज में कमियां और अच्छाइयां होती हैं।‘ 51 वर्षीय एक्ट्रेस ने कहा, ‘मैंने अपने पूरे करियर में बतौर हीरोइन जितनी भी फिल्में की हैं एक में भी ऑडीशन नहीं दिया है। अब जब मैं फिर से काम करने की सोच रही हूं तो इस उम्र में मुझे ऑडीशन देने की जरूरत है।‘ शीबा एक योगा टीचर भी हैं।
‘मेरा कोई फिल्मी बैकग्राउंड नहीं था इसलिए मुझे पता नहीं था कि मैं क्या कर रही हूं। मेरे आस-पास के लोग जो कुछ भी कह रहे थे मैं आंखें बंद करके किए जा रही थी। मुझे अपनी पसंद को लेकर थोड़ा सावधान रहना चाहिए था। शायद मुझे ऐसे बहुत से काम करने चाहिए थे जो मैंने नहीं किए।‘ ‘उस वक्त मैं बहुत बिजी थी। मैं बिना कुछ सोचे समझे सभी को मना करती चली गई शायद जिनके लिए मुझे हां कहनी चाहिए थी। या फिर ये भी है कि मैं जो कर रही थी उस पर थोड़ा होमवर्क करना चाहिए था।‘
फिल्मों में उन्हें जो रोल मिल रहे थे वो कुछ खास नहीं थे जिसके बाद उन्होंने टीवी की ओर रुख किया। शीबा ने ‘सौभाग्यलक्ष्मी’ और ‘हासिल’ जैसे सीरियल में काम किया। निजी जिंदगी की बात करें तो उन्होंने निर्माता आकाशदीप शबीर से शादी की है। इंडस्ट्री में भाग्यश्री से शीबा की काफी अच्छी दोस्ती है।















