BREAKING

Uncategorised

मुख्यमंत्री ने की मां बम्लेश्वरी और महामाया मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की

रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने क्वांर नवरात्रि के षष्ठी पर डोंगरगढ़ के मां बम्लेश्वरी मंदिर में पूजा-अर्चना कर मातारानी से प्रदेश एवं देशवासियों के अच्छे स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना की। श्री बघेल ने मां बम्लेश्वरी से प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। मुख्यमंत्री के साथ अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं डोंगरगढ़ विधायक भुनेश्वर बघेल, खुज्जी विधायक छन्नी साहू, राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष जितेन्द्र मुदलियार, राजगामी सम्पदा के अध्यक्ष विवेक वासनिक, जिला केन्द्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष नवाज खान, पदम कोठारी, कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा, पुलिस अधीक्षक डी श्रवण सहित अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी मां बम्लेश्वरी की पूजा-अर्चना की।

मुख्यमंत्री ने देउरगांव के महामाया देवी मंदिर में पूजा-अर्चना की : देउरगांव में प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र प्रारंभ करने की घोषणा

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बेमेतरा जिले के साजा विकासखण्ड के ग्राम देउरगांव पहुंचे। उन्होंने गांव के ऐतिहासिक महामाया मंदिर में देवी माता के दर्शन किए और पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। श्री बघेल ने ग्रामवासियों के आग्रह पर देउरगांव में प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र प्रारंभ करने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर ग्रामीणों को नवरात्रि पर्व की बधाई और शुभकामनाएं दीं। श्री बघेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ में भी नवरात्रि का पर्व पूरी श्रद्धा-भक्ति के साथ मनाया जाता है। गांव-गांव में माता की पूजा, सेवा, उपासना, जसगीत, जोत जलाने की परंपरा प्राचीन समय से चली आ रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पूर्वजों के सपनों के अनुरूप विकसित और समृद्ध नवा छत्तीसगढ़ गढ़ने की दिशा में कार्य कर रही है। कृषि मंत्री श्री चौबे ने कहा कि छत्तीसगढ़ में किसी ने कल्पना भी नहीं की थी कि धान की खरीदी इतनी ज्यादा हो सकती है और 2 रुपये किलो गोबर की खरीदी योजना का क्रियान्वयन हो सकता है। आज राज्य सरकार की योजनाओं की सराहना राष्ट्रीय स्तर पर हो रही है।

Related Posts