नईदिल्ली (ए)। Zee Entertainment Enterprises ने घोषणा की कि 21 सितंबर 2021 को हुई बोर्ड की बैठक में उपस्थित और मतदान करने वाले उसके निदेशक मंडल ने सर्वसम्मति से Sony Pictures Networks India और ZEE के बीच विलय के लिए सैद्धांतिक मंजूरी प्रदान की। सोनी विलय के बाद बनने वाली कंपनी में 11,605.94 करोड़ रुपये निवेश करेगी। विलय के बाद बनने वाली कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर और CEO के रूप में पुनीत गोयनका बने रहेंगे। हालांकि, गोयनका कंपनी के दो सबसे बड़े शेयरधारकों – इनवेस्को और ओएफआई ग्लोबल चाइना फंड एलएलसी द्वारा पद छोड़ने के दबाव का सामना कर रहे थे। विलय के बाद जी एंटरटेनमेंट के पास 47.07 फीसद हिस्सेदारी रहेगी। सोनी पिक्चर्स के पास 52.93 फीसद हिस्सेदारी होगी।
दोनों कंपनियों के टीवी कारोबार, डिजिटल एसेट्स, प्रोडक्शन ऑपरेशंस और प्रोग्राम लाइब्रेरी को भी मर्ज किया जाएगा। वहीं, ZEE और SONY के बीच एक्सक्लूसिव नॉन-बाइंडिंग टर्म शीट का करार हुआ है। 47.07% हिस्सा ZEE शेयरधारकों के पास होगा और शेष 52.93% विलय वाली इकाई SONY शेयरधारकों के पास होगी। डील का ड्यू डिलिजेंस अगले 90 दिनों में पूरा होगा। मौजूदा प्रोमोटर फैमिली Zee के पास अपनी शेयरहोल्डिंग को 4 फीसदी से बढ़ाकर 20 फीसदी करने का विकल्प होगा। बोर्ड में ज्यादातर डायरेक्टर को नॉमिनेट करने का अधिकार सोनी ग्रुप के पास होगा।
बोर्ड ने कहा है कि विलय से शेयरहोल्डर और हिस्सेदारों के हितों का कोई नुकसान नहीं होगा। सोनी पिक्चर्स एंटरटेनमेंट विलय के बाद 1.575 अरब डॉलर का निवेश करेगी। विलय के बाद सोनी एंटरटेनमेंट मेजॉरिटी शेयरहोल्डर होगी।
ऐसे बदलेगी हिस्सेदारी
- मौजूदा स्थिति में ZEE के शेयरहोल्डर्स का हिस्सा 61.25% होगा
- 1.575 अरब डॉलर के निवेश के बाद हिस्सेदारी में बदलाव आएगा।
- इस निवेश के बाद ZEE के निवेशकों का हिस्सा करीब 47.07% होगा
- सोनी पिक्चर्स के शेयरहोल्डर्स का हिस्सा 52.93% रहने का अनुमान
सोनी पिक्चर्स नेटवर्क्स इंडिया ने एक बयान में कहा कि उसकी मूल कंपनी सोनी पिक्चर्स एंटरटेनमेंट आगे और निवेश करेगी, ताकि एसपीएनआई के पास लगभग 1.575 अरब अमेरिकी डॉलर का नकद अधिशेष हो। एसपीएनआई ने कहा कि संयुक्त कंपनी से सभी हितधारकों को लाभ मिलने की उम्मीद है। सौदे के अनुसार संयुक्त कंपनी में एसपीएनआई के शेयरधारकों की बहुलांश हिस्सेदारी होगी।
ZEE के अनुसार जील और एसपीएनआई के मौजूदा अनुमानित इक्विटी मूल्यों के आधार पर, जील के पक्ष में सांकेतिक विलय अनुपात 61.25 प्रतिशत है। जी ने आगे कहा, ”हालांकि, एसपीएनआई में वृद्धि पूंजी के प्रस्तावित निवेश के बाद नई इकाई में जील की हिस्सेदारी 47.07 प्रतिशत और शेष 52.93 प्रतिशत हिस्सेदारी एसपीएनआई के पास रहने की उम्मीद है।”















