नईदिल्ली (ए)। विराट कोहली ने आईपीएल 2021 में मुंबई इंडियंस के खिलाफ जारी मैच में इतिहास रच दिया है। विराट ने टी-20 क्रिकेट में अपने 10 हजार रन पूरे कर लिए हैं और वह ऐसा करने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। कोहली विश्व क्रिकेट में ऐसा करने वाले महज पांचवें बल्लेबाज हैं। उनसे पहले क्रिस गेल, कीरोन पोलार्ड, शोएब मलिक और ऑस्ट्रेलिया के सलामी बल्लेबाज डेविड वॉर्नर ही क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में दस हजार रन बना सके हैं। विराट ने गेल के बाद सबसे तेज दस हजार रन भी पूरे किए हैं और उन्होंने बाकी तीनों बल्लेबाजों को इस मामले में पीछे छोड़ दिया है।
विराट कोहली ने मुंबई के खिलाफ अपना 13वां रन बनाते ही यह खास मुकाम हासिल किया। उन्होंने अपने टी-20 करियर की 299वीं पारी में 10 हजार रनों के आंकड़े को छुआ। कोहली फटाफट क्रिकेट के इस फॉर्मेट में अबतक 5 शतक और 73 अर्धशतक जमा चुके हैं और उनका सर्वाधिक स्कोर 113 रन रहा है। आपको बता दें कि आईपीएल में विराट 6 हजार से ज्यादा रन बनाने वाले इकलौत बल्लेबाज हैं। चेन्नई के खिलाफ खेले गए आखिरी मैच में आरसीबी के कप्तान 53 रन बनाकर आउट हो गए थे और इस उपलब्धि को हासिल करने से चूक गए थे। भारत की तरफ से कोहली के बाद टी-20 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रोहित शर्मा हैं, जिन्होंने 351 मैचों की 338 पारियों में अबतक कुल 9348 रन बनाए हैं। इस दौरान हिटमैन ने छह शतक और 65 अर्धशतक जमाए हैं।
6️⃣ Pulled away for a maximum and Virat Kohli reaches 1️⃣0️⃣0️⃣0️⃣0️⃣ runs in T20s. 🤩🤩🤩
Mr. Milestone. 😎#PlayBold #WeAreChallengers #ನಮ್ಮRCB #IPL2021 #RCBvMI
— Royal Challengers Bengaluru (@RCBTweets) September 26, 2021
हाल में ही विराट ने ऐलान किया था कि वह टी-20 विश्व कप के बाद टीम इंडिया की टी-20 कप्तानी छोड़ देंगे। इसके ठीक दो दिन बाद कोहली ने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की कप्तानी से भी हटने का फैसला सुनाया था। आईपीएल 2021 के बाद विराट आरसीबी में बतौर एक खिलाड़ी खेलेंगे। कोहली ने 2012 से बैंगलोर की कप्तानी कर रहे हैं, लेकिन वह अबतक एक बार भी टीम को खिताब नहीं दिला सके हैं। ऐसे में यूएई में जारी आईपीएल में वह आरसीबी को पहली बार चैंपियन बनाकर टीम की कप्तानी छोड़ना चाहेंगे।















