BREAKING

दुर्ग-भिलाईफीचर्ड

एनएच पुनः पहुँचे कलेक्टर: कहा तय सीमा पर पूरा करें निर्माण कार्य, डीएमसी की खाली पड़ी जमीन पर बनेगा इंडस्ट्रियल कारिडोर, कालेज भवन, ट्रांसपोर्ट हब और पार्क

दुर्ग। डीएमसी की खाली पड़ी जमीन का अब बेहतर उपयोग हो सकेगा। रेलवे ट्रैक और एनएच से बिल्कुल नजदीक इस 50 एकड़ फैले पैच पर अब इंडस्ट्रियल कारिडोर बनेगा ताकि औद्योगिक कस्बे कुम्हारी में रोजगार की और उद्यम की नई संभावनाएँ तैयार की जा सकें। यह निर्देश कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे ने डीएमसी परिसर के दौरे के दौरान दिये। उन्होंने अधिकारियों को कहा कि यहां पर महाविद्यालय भवन के साथ ही ट्रांसपोर्ट हब और पार्क का प्रस्ताव भी तैयार करें।

कलेक्टर ने कहा कि कुम्हारी शहर में डीएमसी बड़ा उद्योग था और रेलवे ट्रांसपोर्ट तथा एनएच से इसकी नजदीकी औद्योगिक रूप से काफी महत्वपूर्ण थी। यहां पर इंडस्ट्रियल कारिडोर के विकसित होने से संबंधित उद्योगों को इसी तरह की राहत मिल सकेगी।

कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि इसके साथ ही अन्य किसी तरह का प्रस्ताव जो नगरीय निकाय के लिए अनुकूल हो, इसके साथ प्रेषित कर सकते हैं। एसडीएम धमधा बृजेश क्षत्रिय ने परिसर का लेआउट दिखाया और पालिका की जरूरतों के संबंध में प्रस्ताव कलेक्टर के समक्ष रखे। इस दौरान संयुक्त कलेक्टर प्रियंका वर्मा एवं अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।

कलेक्टर ने कुम्हारी नगर पालिका के अधिकारियों के साथ भी नागरिकों की जरूरतों से संबंधित अन्य मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने जलप्रदाय योजना की प्रगति की जानकारी ली। कलेक्टर ने नगरीय प्रशासन से संबंधित अन्य योजनाओं की प्रगति की जानकारी भी ली।

एनएच पुनः पहुँचे कलेक्टर, कहा तय सीमा पर पूरा करें निर्माण कार्य

कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे ने कल पुनः एनएच कुम्हारी का दौरा किया। उन्होंने यहां निर्माण कार्य की प्रगति का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि पिछली बार एनएच के अधिकारियों ने 15 अक्टूबर तक ओवरब्रिज को छोटी गाड़ियों को छोड़ने के लिए और 15 नवंबर तक हैवी व्हीकल के आवागमन के आरंभ होने के लिए निर्धारित की है। काम हर हाल में इस समय सीमा में पूरा होना चाहिए। कलेक्टर ने आज कार्यस्थल पर मैनपावर देखा। उन्होंने मैनपावर बढ़ाने के निर्देश दिये।

कहा कि यह काम नागरिक सुविधाओं से जुड़ा हुआ काम है और बेहद व्यस्ततम मार्ग पर हो रहा कार्य है। इसकी वजह से लोगों को हर दिन दिक्कतों से जूझना होता है। ऐसे में पूरे संसाधनों के साथ ही और बारीक मानिटरिंग के साथ ही इस कार्य को प्रगति दी जा सकती है। इस कार्य में हर दिन बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने हर दिन की गई प्रगति की जानकारी भी देने के निर्देश एनएच के अधिकारियों को दिये। कलेक्टर ने बीते दौरे में निरीक्षण के दौरान दिये गये निर्देशों के परिपालन पर हुई कार्रवाई की जानकारी भी एनएच के अधिकारियों से ली।

उन्होंने कहा कि अपने संधारण में चल रही सभी सड़कों की नियमित मानिटरिंग करें। कहीं भी गड्ढे की स्थिति नहीं होनी चाहिए। पैचेस पर जो काम हो रहा है वो भी काफी गुणवत्तापूर्वक होना चाहिए ताकि लोगों को किसी तरह की दिक्कत न हो। इस दौरान एसडीएम बृजेश क्षत्रिय एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Related Posts